कांग्रेस को जनता की भावना से लेना-देना नहीं, तभी बारामती उपचुनाव में उतारा प्रत्याशी: केशव उपाध्याय
मुंबई, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने मुंबई मुख्यालय में ध्वज फहराया और स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष केशव उपाध्याय ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है। यह न केवल भाजपा के लिए बल्कि पूरे भारत के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इस देश की राजनीति में नया अध्याय जुड़ा था, तब से भाजपा लोकतंत्र और विकास के मुद्दों पर राजनीति कर रही है। पार्टी स्थापना के समय 1980 में पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था, 'अंधेरा छटेगा, सूरज उगेगा और कमल खिलेगा,' आज यह सच साबित हो रहा है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य में देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में देश और महाराष्ट्र में विकास हो रहा है।"
केशव उपाध्याय ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में एक सप्ताह तक स्थापना दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाएगी, जिसके लिए हमने कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए हैं। पार्टी कार्यालय को खूबसूरती से सजाया गया है। झंडा फहराया गया है। महाराष्ट्र के हर बूथ पर झंडा फहराया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपने घरों में भाजपा का झंडा फहराएंगे।"
अजित पवार के निधन से रिक्त हुई महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) के टिकट पर अजित पवार की पत्नी और महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वहीं, कांग्रेस ने भी इस सीट से एडवोकेट आकाश विजयराव मेरे को उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस की ओर से बारामती से उम्मीदवार बनाए जाने पर केशव उपाध्याय ने कहा, "मुझे लगता है कि यही कारण है कि कांग्रेस लोगों के मन से निकल गई है। कांग्रेस को पता नहीं है कि जनता क्या चाहती है? अजित दादा के निधन के बाद बारामती के सभी लोग चाहते थे कि सुनेत्रा पवार निर्विरोध निर्वाचित हों। सुनेत्रा पवार आज नामांकन पत्र भरने जा रही हैं, लेकिन जिस तरह से कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है, उससे साफ है कि कांग्रेस को जनता की भावना से कुछ नहीं मतलब है। कांग्रेस उम्मीदवार की इस सीट से जमानत जब्त हो जाएगी।"
--आईएएनएस
ओपी/वीसी
