Aapka Rajasthan

कांग्रेस को हम पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं : दिनेश शर्मा

नई दिल्ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए नितिन नबीन के निर्विरोध चुने जाने के बाद कांग्रेस की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए हुए इस चुनाव को अनुचित बता रही है। जिस पर अब राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने जवाब दिया है।
 
उन्होंने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आखिर कांग्रेस किस अधिकार से हमारी पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए हुए चुनाव पर सवाल उठा रही है। कांग्रेस को सवाल उठाने का कोई नैतिक हक नहीं है। भाजपा में आज तक अध्यक्ष पद से लेकर बूथ अध्यक्ष तक जितने भी चुनाव हुए, वो सभी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हुए, जिसमें किसी भी प्रकार के नियमों की अवहेलना नहीं हुई। रही बात कांग्रेस की, तो ये किस मुंह से हमसे सवाल कर रहे हैं। कांग्रेस में बिना किसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के संपन्न हुए ही किसी भी व्यक्ति को चुन लिया जाता है। ऐसी स्थिति में इन्हें हमसे सवाल करने का कोई नैतिक हक नहीं है।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को यह समझना चाहिए कि हमारी पार्टी में बाकायदा राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए चुनाव हुए हैं। सभी चुनावी प्रक्रियाओं को संपन्न किया गया है। हमारी पार्टी में नामांकन की प्रक्रिया को भी संपन्न किया गया। हमने सभी नियमों का पालन किया। ऐसी स्थिति में मैं कुल मिलाकर यही कहूंगा कि कांग्रेस अपनी पार्टी में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन करें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सोनिया गांधी से कहते हैं कि आज मैं यहां पर आपकी वजह से हूं, जबकि हमारी पार्टी में प्रधानमंत्री तक राष्ट्रीय अध्यक्ष से कहते हैं कि आज से आप मेरे बॉस हैं। कांग्रेस और भाजपा के बीच यही सबसे बड़ा फर्क है।

राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि हमारी पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरा गया है। सभी लोग स्वतंत्र थे कि वो नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। हमारी पार्टी में हर प्रकार के कामों को करने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन किया जाता है और उससे किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाता है।

--आईएएनएस

एसएचके/एएस