कांग्रेस की मॉक पार्लियामेंट नौटंकी, भ्रम फैलाकर अराजकता चाहते हैं राहुल गांधी: गिरिराज सिंह
पटना, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मस्जिद को लेकर मौलाना अरशद मदनी की टिप्पणी, कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित मॉक पार्लियामेंट, बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग और उत्तर प्रदेश से घुसपैठियों को निकालने के लिए आंकड़े मांगने के मुद्दे पर विपक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी भ्रम फैलाकर देश में अराजकता पैदा करना चाहते हैं। वहीं, अखिलेश यादव की ओर से घुसपैठियों से संबंधित आंकड़े मांगे जाने पर उन्होंने कहा कि सरकार घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और उन्हें देश में रहने नहीं दिया जाएगा।
मस्जिद गिराए जाने संबंधी मौलाना अरशद मदनी की टिप्पणी पर गिरिराज सिंह ने कहा कि पहले अवैध जमीन पर कब्जा करके निर्माण करना और फिर उसे गिराए जाने पर देश में विद्वेष पैदा करना उचित नहीं है। उन्होंने इसे 'चोरी और सीनाजोरी' बताते हुए सवाल किया कि किसी को भी अपनी मर्जी से कहीं भी मस्जिद बनाने की अनुमति कैसे दी जा सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और मुलायम सिंह की सरकार और बिहार में लालू यादव की सरकार के दौरान वोट बैंक की राजनीति के कारण इस तरह के निर्माणों को खुली छूट दी गई। यह देश का दुर्भाग्य है कि राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे मुद्दों को बढ़ावा दिया गया।
मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से प्रस्तावित मॉक पार्लियामेंट को गिरिराज सिंह ने नौटंकी बताया। उन्होंने सवाल किया कि मॉक पार्लियामेंट आयोजित करके विपक्ष किसे क्या दिखाना चाहता है। चुनावी प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने पूछा कि विपक्ष त्रिपुरा में ग्राम सभा के चुनावों और असम में कहां सफल हुआ।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस और राहुल गांधी चुनावी नतीजों के माध्यम से अपनी स्थिति पर चर्चा करने के बजाय देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य अराजकता पैदा करना है।
बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग और बैलेट से हुए एमएलसी चुनावों को लेकर उठ रहे सवालों पर गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्ष अपनी नाकामियों और जनता के बीच घटते समर्थन से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है। यदि कांग्रेस के प्रति जनता में नाराजगी नहीं होती, तो कर्नाटक में उसकी सरकार भी बैलेट पेपर से हुए चुनाव के जरिए सत्ता में नहीं आती।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी कमियों को स्वीकार करने के बजाय चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। चुनाव परिणामों को लेकर उठाए जा रहे सवालों के पीछे विपक्ष की राजनीतिक मंशा है।
उत्तर प्रदेश से घुसपैठियों को निकालने के संबंध में अखिलेश यादव की ओर से आंकड़े मांगे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि सरकार इस दिशा में काम कर रही है। घुसपैठियों को देश में रहने नहीं दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने सवाल उठाया कि उन्हें आखिर कब तक छिपाया जा सकता है। वहीं, एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की लड़ाई घुसपैठियों को मतदान का अधिकार दिलाने को लेकर है।
--आईएएनएस
पीएसके
