'कांग्रेस की 1 नवंबर की रैली का मकसद अराजकता पैदा करना', भाजपा नेता ने लगाए आरोप
हैदराबाद, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष रामचंद्र राव ने कांग्रेस की एक नवंबर को प्रस्तावित दिल्ली की रैली पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संवैधानिक पदों, सरकार और खुद भारत के खिलाफ एक नैरेटिव बना रही है।
तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष रामचंद्र राव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी 1 नवंबर को दिल्ली में जो रैली कर रही है, उसका मकसद सिर्फ लोगों का ध्यान उस अच्छी छवि से हटाना है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बनी हुई है और उन अच्छे कामों से हटाना है जो प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी संवैधानिक पदों, सरकार और खुद भारत के खिलाफ एक नैरेटिव बना रही है।"
उन्होंने कहा कि एक नवंबर की यह रैली उन लोगों और संगठनों से प्रेरित है, जो भारत के दुश्मन देशों से जुड़े हैं। इसलिए, 1 नवंबर की यह रैली देश में अराजकता फैलाने के लिए की जा रही है। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की इस रैली का मकसद अराजकता पैदा करना है, जो देश की कुछ विरोधी ताकतों से प्रेरित है और यह हमारे लोकतंत्र के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं है।
रामचंद्र राव ने यह भी कहा कि विपक्ष में होने के नाते कांग्रेस पार्टी लोगों की समस्याओं को सुलझाने की अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रही है। हमारे प्रधानमंत्री लोगों के लिए बहुत अच्छे काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी अपने झूठे नैरेटिव के जरिए इन अच्छे कामों को नकारना चाहती है।
इस दौरान, तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष ने राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी 15,000 लोगों के साथ इस रैली में शामिल हो रहे हैं। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे 'जब रोम जल रहा था, तब नीरो बंसी बजा रहा था'। तेलंगाना में जब किसान और आम लोग बिजली और पानी की कमी से जूझ रहे हैं, किसानों की फसलें सूख रही हैं, लोग पानी के लिए परेशान हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री 15,000 लोगों को लेकर दिल्ली चले गए हैं।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
