कांग्रेस के लिए महिलाएं सिर्फ 'वोट बैंक', विपक्ष ने महिलाओं के साथ विश्वासघात किया: जय इंदर कौर
पटियाला, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष जय इंदर कौर ने शनिवार को कांग्रेस पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सिर्फ एक वोट बैंक के रूप में देखा है और उनके सशक्तिकरण के लिए कभी कोई ईमानदारी नहीं दिखाई।
'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को कांग्रेस की ओर से पूर्ण समर्थन नहीं मिलने पर पार्टी की आलोचना करते हुए उन्होंने इसे देश की महिलाओं के साथ विश्वासघात करार दिया। उन्होंने कहा कि जहां इस बिल का उद्देश्य संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित करना है, ताकि वे निर्णय लेने और शासन में बराबर की भागीदार बन सकें। वहीं, विपक्षी दलों ने केवल देरी करने की राजनीति और अवसरवाद का प्रदर्शन किया है।
जय इंदर कौर ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक क्रांतिकारी कदम है। यह देश भर की महिलाओं का उत्थान करने के साथ-साथ बेटियों को सशक्त बनाएगा और उन्हें उच्च-स्तरीय निर्णय लेने वाली संस्थाओं में उनका हक दिलाएगा। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के लिए महिलाएँ हमेशा चुनावी गणित तक सीमित रही हैं, लेकिन भाजपा के लिए महिला सशक्तिकरण एक मिशन है जो व्यावहारिक कार्रवाई पर आधारित है।
भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की पहलों पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की गई हैं, जैसे कि ड्रोन दीदी, लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना आदि। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने देश की करोड़ों महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
जय इंदर कौर ने आगे कहा कि ये पहल सिर्फ कागजी नीतियां नहीं हैं, बल्कि इन्होंने महिलाओं के लिए आर्थिक रूप से स्वतंत्र, आत्मनिर्भर और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के वास्तविक अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने दावा किया कि देश की महिलाएं विभिन्न राजनीतिक दलों की नीयत से भली-भांति परिचित हैं और उनकी प्रगति में बार-बार बाधा डालने वालों को मुंहतोड़ जवाब देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वास्तव में सशक्त 'नारी शक्ति' और एक विकसित भारत का सपना जल्द ही साकार होगा।
--आईएएनएस
पीएसके
