यूपी में कांग्रेस का सीट मांगना गलत नहीं पर औचित्य भी होना जरूरी : रामजी लाल सुमन
नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर सीट बंटवारे पर चल रही बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि पिछले दो दिनों में हुई वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ी है और गठबंधन जरूर होगा।
रामजी लाल सुमन ने कहा कि जहां तक कल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा पांच उम्मीदवारों की घोषणा का सवाल है, वे पांचों सीटें ऐसी हैं, जिन पर पार्टी के वर्तमान विधायक हैं। उन सीटों पर समाजवादी पार्टी को चुनाव लड़ना ही था, इसलिए देर-सबेर उनकी घोषणा होनी ही थी। इस पर विवाद की कोई वजह समझ में नहीं आती।
उन्होंने कहा कि जब भी कोई गठबंधन होता है, तो उसके कुछ मानक और मापदंड होते हैं। कांग्रेस जो सीटें मांग रही है, उसे वह बुरा नहीं मानते। मांगना किसी भी दल का अधिकार है लेकिन मांग के साथ-साथ उसका औचित्य भी होना चाहिए।
सुमन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता चाहती है कि सभी विपक्षी दल मिलकर चुनाव लड़ें और भाजपा को हराएं। यही जनता का मिजाज है और गठबंधन जरूर होगा। सीटों के सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने एक बार नहीं बल्कि कई बार कहा है कि सीट उसी व्यक्ति को मिलनी चाहिए, जो जीतने वाला हो।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवार का क्षेत्र में संपर्क कैसा है, लोगों की उसके बारे में क्या राय है, यह देखना जरूरी है। अगर जनता किसी उम्मीदवार को स्वीकार करती है, तो उसे टिकट देना ज्यादा अच्छा होगा। कुल मिलाकर जोर इस बात पर होना चाहिए कि जीतने वाले व्यक्ति को ही टिकट मिले।
उन्होंने कहा कि यह गठबंधन कांग्रेस के हित में भी है और समाजवादी पार्टी के हित में भी है। इसलिए कोई भी ऐसा काम नहीं करना चाहिए, जिससे भाजपा को लाभ हो। सभी को अपने विवेक से फैसला करना चाहिए। हमें सकारात्मक बात करनी चाहिए और गठबंधन के हित में बात करनी चाहिए। कोई भी ऐसी बात नहीं कहनी चाहिए, जो गठबंधन के मिजाज के खिलाफ हो।
सुमन ने कहा कि गठबंधन होगा, दो दिन सकारात्मक बातचीत हुई है। स्थिति ऐसी भी बन सकती है कि अंतिम चरण में राहुल गांधी और अखिलेश यादव को बात करनी पड़े, लेकिन गठबंधन जरूर होगा।
वहीं, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे पर चल रही बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी द्वारा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने पर एनसीपी (एसपी) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि हर चुनाव से पहले गठबंधन में शामिल पार्टियां बैठकर सलाह-मशवरा करती हैं और सीटों पर बातचीत करती हैं।
उन्होंने कहा कि अच्छी तरह समीकरण बनाकर यह तय किया जाता है कि आगे जाकर चुनाव कैसे जीता जाए। यह प्रक्रिया हर बार होती है, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। पार्टियां बैठेंगी और जहां जीतने वाली सीट है, जो एक-दूसरे के लिए फायदेमंद है, उस हिसाब से बात करके आगे बढ़ेंगी।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
