कांग्रेस हताशा में ईसी-ईवीएम पर सवाल उठा रही, पार्टी बचाने की चिंता करें तेजस्वी : मृत्युंजय तिवारी
पटना, 29 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की चुनावी रणनीति और विपक्षी नेताओं के बयानों पर भारतीय जनता पार्टी के नेता मृत्युंजय तिवारी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस की हार की समीक्षा पद्धति, बिहार में विपक्ष की भूमिका और सनातन पर दिए जा रहे बयानों को आड़े हाथों लिया। भाजपा नेता ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि है और मौजूदा दौर में जनता का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी के साथ है, जबकि विपक्ष आत्ममंथन की जगह बाहरी कारणों पर ठीकरा फोड़ रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से फ्रस्ट्रेट और निराश है। जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए लोगों का आशीर्वाद कम नहीं हो रहा है बल्कि बढ़ रहा है, लोकतंत्र में जनता ही सुप्रीम है। जहां भी वे चुनाव हारते हैं, उन्हें इलेक्शन कमीशन और ईवीएम में गलती दिखती है। वे खुद को नहीं देखते। वे इस पर काम नहीं करते कि चुनाव के दौरान लोगों का भरोसा कैसे जीता जाए।"
इसके साथ ही बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के बयान पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "तेजस्वी यादव को अपनी पार्टी और अपने विधायकों की चिंता करनी चाहिए। अपनी पार्टी को बचाना ही उनके लिए बड़ी चिंता है। वह मस्जिद के मामले में क्यों पड़ रहे हैं? सरकार हर चीज की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। तेजस्वी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार मंदिरों, मस्जिदों, चर्चों और गुरुद्वारों की रक्षा के लिए है।"
वहीं, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बयान पर भाजपा नेता ने कहा कि ऐसे लोग क्या ज्ञान देंगे जिन्हें सनातन या हिंदू धर्म का कोई ज्ञान नहीं है? वे तो भगवानों में भी फर्क कर रहे हैं। भगवान शिव ने भगवान राम की पूजा की थी और भगवान राम ने भगवान शिव की।
उन्होंने कहा कि इन सब पर भाषण देने से पहले अपनी जानकारी बढ़ा लें। उनके जैसे लोगों और पार्टियों और उनके जैसे लोगों की वजह से ही इंडिया ब्लॉक और उसकी पार्टियों को इस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
--आईएएनएस
केके/वीसी
