Aapka Rajasthan

कांग्रेस और इंडी गठबंधन का निकल रहा 'लोकतंत्र बचाओ नहीं, वंशवाद बचाओ मार्च’: के लक्ष्मण

हैदराबाद, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद और संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. के लक्ष्मण ने कांग्रेस, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन लोकतंत्र बचाने के नाम पर वंशवादी राजनीति को संरक्षण देने का प्रयास कर रहे हैं।
 

हैदराबाद, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद और संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. के लक्ष्मण ने कांग्रेस, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन लोकतंत्र बचाने के नाम पर वंशवादी राजनीति को संरक्षण देने का प्रयास कर रहे हैं।

महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए के. लक्ष्मण ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन ने देश के विभिन्न हिस्सों में ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ के नाम से आंदोलन शुरू किया है। यह लोकतंत्र बचाने का मार्च नहीं, बल्कि ‘वंशवाद बचाओ मार्च’ है।

के लक्ष्मण ने आरोप लगाया कि इस आंदोलन का उद्देश्य वंशवादी राजनीति को बचाना और उन लोगों का समर्थन करना है, जिन पर आपराधिक गतिविधियों, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति से जुड़े होने के आरोप लगते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान की प्रति दिखाकर लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की बात करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी पार्टी के कामकाज में इन सिद्धांतों का पालन नहीं दिखाई देता।

उन्होंने तेलंगाना का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस राज्य में कांग्रेस की सरकार है, वहां विपक्ष के करीब 8 से 10 विधायकों को कांग्रेस में शामिल कराया गया है। के. लक्ष्मण ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी वास्तव में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात करते हैं, तो उन्हें तेलंगाना में भी ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकालना चाहिए।

भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन की ओर से दिल्ली, मुंबई समेत देश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इन प्रदर्शनों के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।

के. लक्ष्मण ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की बात करने वालों को अपने राजनीतिक आचरण में भी उन्हीं मूल्यों को प्रदर्शित करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके आंदोलन के पीछे लोकतंत्र की रक्षा से अधिक वंशवादी राजनीति और उससे जुड़े नेताओं को बचाने का उद्देश्य दिखाई देता है।

--आईएएनएस

एसएके/एमएस