कंपनी से मोबाइल चोरी कर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार; 154 मोबाइल बरामद
ग्रेटर नोएडा, 31 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बाजार में कम कीमत पर बेचने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के 154 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को 31 अगस्त 2026 को थाना बीटा-2 क्षेत्र स्थित पीपल वाला गोल चक्कर, नट मढ़ैय्या के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव कुमार (30), मनोज कुमार (25), रवि कुमार (32), विनीत उर्फ मसना (23), मौ0 शोएब (24) और हसीबुर्रहमान (32) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड केशव कुमार है। पुलिस के अनुसार केशव पूर्व में भी चोरी समेत कई मामलों में जेल जा चुका है। वह बीटा-2 थाना क्षेत्र के साइट-4 स्थित एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड में कंटेनर चालक के पद पर नौकरी करता था। कंपनी में तैयार किए गए मोबाइल फोन जब अलग-अलग स्थानों पर ऑर्डर डिलीवरी के लिए भेजे जाते थे, तो केशव अपने साथियों के साथ मिलकर कंटेनर की सील खोल देता था। इसके बाद कंटेनर में लदे मोबाइल फोन के कार्टूनों से चिट हटाकर मोबाइल निकाल लिए जाते थे।
चोरी किए गए मोबाइल फोन को गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर मांग के अनुसार बाजार कीमत से कम दाम में बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, इस तरीके से आरोपी अवैध रूप से धन अर्जित कर रहे थे। पुलिस के अनुसार कंपनी में ऑडिट के दौरान 165 मोबाइल फोन गायब मिले थे। इसके बाद कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर 24 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में चालक केशव कुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की गतिविधियों को ट्रेस किया। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस जांच के आधार पर गिरोह के सदस्यों तक पहुंच बनाई गई और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में केशव कुमार निवासी ग्राम बेर नगरिया, थाना गोंडा, अलीगढ़, मनोज कुमार और विनीत उर्फ मसना निवासी कुंवरपुर, थाना गोंडा, अलीगढ़, रवि कुमार निवासी उमराला, थाना कोसी कला, मथुरा, मौ0 शोएब निवासी चांदपुर, बिजनौर तथा हसीबुर्रहमान निवासी मेवा नवादा, थाना स्योहारा, बिजनौर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के मास्टरमाइंड केशव कुमार के खिलाफ अलीगढ़ और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना छर्रा, अलीगढ़ में चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। इसके अलावा थाना इगलास, अलीगढ़ तथा थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर में भी चोरी, माल की बरामदगी, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
थाना बीटा-2 पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 154 मोबाइल फोन, करीब 50 लाख रुपये कीमत, 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार बरामद की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी किए गए मोबाइल फोन की बिक्री से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कंपनी से अब तक कितने मोबाइल फोन चोरी किए गए और चोरी के मोबाइल किन-किन स्थानों पर बेचे गए।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम
