Aapka Rajasthan

कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भारत के लिए गौरव, वेन्यू पर सवाल खड़े नहीं होने चाहिए: अर्चना गुप्ता

भिवानी, 9 अगस्त (आईएएनएस)। अहमदाबाद 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने गुजरात में 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए मांग की थी कि हरियाणा को इस इवेंट के लिए 'होस्ट' या 'को-होस्ट' राज्य बनाया जाए। इसके जवाब में हरियाणा भाजपा की अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भारत के लिए गौरव की बात है। इसके वेन्यू को लेकर सवाल खड़े नहीं होने चाहिए।
 

भिवानी, 9 अगस्त (आईएएनएस)। अहमदाबाद 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने गुजरात में 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए मांग की थी कि हरियाणा को इस इवेंट के लिए 'होस्ट' या 'को-होस्ट' राज्य बनाया जाए। इसके जवाब में हरियाणा भाजपा की अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भारत के लिए गौरव की बात है। इसके वेन्यू को लेकर सवाल खड़े नहीं होने चाहिए।

अर्चना गुप्ता ने रविवार को पत्रकारों से कहा, "कॉमनवेल्थ गेम्स अगर भारत में होते हैं तो वह पूरे के पूरे देश के लिए गौरव का विषय होता है। जिस भी प्रदेश में उस स्तर के खेलों का आयोजन करने के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, उसे मेजबानी मिलती है। आज गुजरात में ऐसी व्यवस्थाएं हैं, तो कल हरियाणा में भी इस तरह की व्यवस्थाएं हो सकती हैं।"

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं; उन्होंने वहां शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए हैं। विषय ये नहीं है कि इसकी मेजबानी गुजरात के पास है बल्कि खिलाड़ी भारत के ही हैं। यह भारतीयों के लिए गौरव का अवसर है। मेजबानी गुजरात में हो, या फिर हरियाणा में, इसे लेकर सवाल खड़े नहीं होने चाहिए। जो सांसद इसे लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं, वो राज्यसभा से सांसद हैं। हरियाणा के वर्तमान मुख्यमंत्री उस स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रहे हैं। जब हमारे पास उस स्तर का इंफ्रास्ट्रक्चर हो जाएगा, तो हम भी मेजबानी करेंगे। हम पूर्ण बहुमत के साथ पहली बार साल 2014 में इस सरकार में आए हैं, जिसके बाद से लगातार विकास की गंगा बह रही है। लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हो रहा है। इतने साल राज्य में उन लोगों का राज रहा है। इस दौरान उन्होंने ऐसे इंफ्रास्ट्रक्चर क्यों नहीं तैयार किए, जिससे हम कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी कर सकें।"

उन्होंने कहा, "हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री और हमारे देश के प्रधानमंत्री खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं। कांग्रेस के शासन में खिलाडियों की बात नहीं सुनी जाती थी। आज हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि ये है कि हमारे मुख्यमंत्री ने हर गांव में व्यायामशाला देने का काम किया है। उन व्यायामशाला में योग के शिक्षक भी हैं क्योंकि जब खिलाडी तन-मन से मस्तिष्क से भी मजबूत रहता है तो उसका प्रदर्शन बेहतर होता है। हरियाणा खिलाड़ियों का प्रदेश है और हमारे खिलाडियों ने हरियाणा को विश्व के मानचित्र पर लाकर खड़ा किया है। इन खिलाड़ियों ने हरियाणा के गौरव को बढ़ाया है। उन खिलाड़ियों के साथ हमारी प्रदेश और केंद्र सरकार ने बहुत मजबूती के साथ खड़ी रही है। स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। स्टेडियम में ट्रैक भी बने हुए हैं।"

इस दौरान भाजपा नेता किरण चौधरी ने कहा, "हर चीज के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर होना चाहिए। जब ​​हम यहां इंफ्रास्ट्रक्चर लाने की बात करते थे, तो कांग्रेस में किसी ने इसकी इजाजत नहीं दी। जब हम यहां सड़कें बनाना चाहते थे, तो यहां शायद ही कोई ठीक-ठाक सड़क थी। इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में समय लगता है। अब, चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी, जिसे हम यहां लाए थे, आकार लेने लगी है। धीरे-धीरे यह आगे बढ़ेगी। खिलाड़ी हमारे देश के हैं और हमारी शान हैं। सिर्फ हरियाणा, गुजरात या किसी खास राज्य को ही आगे नहीं बढ़ना चाहिए; हम सभी को आगे बढ़ना चाहिए।"

--आईएएनएस

आरएसजी/पीएम