कॉमनवेल्थ गेम्स: 564 पदकों के साथ भारत चौथा सफलतम देश, निशानेबाजी में मिली सर्वाधिक सफलता
नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन स्कॉटलैंड के खुबसूरत शहर ग्लासगो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होना है। 1930 में शुरु हुए कॉमनवेल्थ गेम्स का यह 23वां संस्करण है। भारतीय दल अब तक आयोजित 22 संस्करणों में सिर्फ 4 संस्करणों (1930, 1950, 1962 और 1986) का हिस्सा नहीं रहा है।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय दल ने दूसरे संस्करण (1934) में पदार्पण किया था। लंदन में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-1934 में भारत की तरफ से 6 सदस्यीय दल गया था जिसने 10 ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं और एक कुश्ती स्पर्धा में भाग लिया था। अपने पदार्पण संस्करण में भारत ने एक पदक जीता था। यह पदक पहलवान राशिद अनवर ने 74 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में जीता था। कांस्य पदक जीतने वाले राशिद कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारत की तरफ से पहले पदक विजेता हैं।
1934 में अपना पहला पदक जीतने वाला भारतीय दल कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में एक सफल दल के रूप में प्रतिष्ठित है और खेल के इतिहास की चौथी सफलतम टीम है। बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 तक भारतीय दल ने कुल 564 पदक अपने नाम किए हैं। इसमें 203 स्वर्ण, 190 रजत और 171 कांस्य पदक हैं। भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में सर्वाधिक 135 पदक निशानेबाजी में जीते हैं। इसमें 63 स्वर्ण, 44 रजत और 28 कांस्य पदक हैं।
ऑस्ट्रेलिया 1,001 स्वर्ण, 832 रजत और 763 कांस्य सहित कुल 2,596 पदकों के साथ पहले स्थान पर है। इंग्लैंड 773 स्वर्ण, 783 रजत और 766 पदकों के सहित कुल 2,322 पदकों के साथ दूसरे और कनाडा 510 स्वर्ण, 548 रजत और 589 कांस्य के साथ तीसरे स्थान पर है।
कॉमनवेल्थ गेम्स में 72 दल हिस्सा लेते हैं। इसमें 56 दल अलग-अलग राष्ट्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि 16 दल आश्रित क्षेत्र, अलग-अलग ब्रिटिश होम नेशंस (इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड) का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड और वेल्स ने हर संस्करण में भाग लिया है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के 125 एथलीट हिस्सा लेंगे। टीम में पैरा-स्पोर्ट्स समेत 13 स्पोर्ट्स डिसिप्लिन के 77 पुरुष और 48 महिला एथलीट शामिल हैं।
--आईएएनएस
पीएके
