कॉमनवेल्थ और ओलंपिक में कबड्डी शामिल हो, गोल्ड जीतने के बाद बोलीं भारतीय महिला टीम की कप्तान पुष्पा राणा
तोकाई, 26 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा ने एशियन गेम्स 2026 में भारत का रिकॉर्ड चौथा स्वर्ण पदक जीतने के बाद इस खेल को कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक में शामिल करने की मांग की है।
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराकर एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीता।
स्वर्णिम सफलता के बाद पुष्पा राणा ने आईएएनएस से कहा, "ईरान बहुत अच्छी टीम है। उन्होंने हमारे खिलाफ कुछ मजबूत मैच खेले हैं। चीनी ताइपे भी बहुत अच्छा कर रहा है। सभी देशों में पहले से ही सुधार हो रहा है। हम चाहते हैं कि कबड्डी सभी देशों में बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़े, ताकि भविष्य में कबड्डी कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक में आ सके।"
उन्होंने एक पूरी महिला प्रो कबड्डी लीग शुरू करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, "हम बच्चों के लिए प्रो कबड्डी जैसा एक अच्छा प्लेटफॉर्म चाहते हैं, और महिलाओं को भी वही प्लेटफॉर्म मिलना चाहिए, जो लड़कों को प्रो कबड्डी के लिए मिला है। कबड्डी को कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक में जोड़ा जाना चाहिए। यह हमारी मांग है।"
गोल्ड मेडल पर पुष्पा का कहना था कि यह शुरू से ही हमारे दिमाग में था। हमने सभी मैच एक ही माइंडसेट के साथ खेले। हम हर मैच जीतना चाहते थे, भले ही विरोधी टीम मजबूत हो। हर खिलाड़ी जानता था कि मैच को अपने पक्ष में कैसे लाना है। गोल्ड जीतने का दबाव था, लेकिन हमने इसके लिए कड़ी मेहनत और अभ्यास किया था। सिल्वर कम होता है। कबड्डी में हमने ज्यादातर गोल्ड जीते हैं, तो उस चीज का दबाव हमेशा रहता है।
उन्होंने कहा, "सभी भारतीयों को उम्मीद थी कि हम गोल्ड लाएंगे। हम अपने अभ्यास को सही तरीके से लागू कर पाए, जिसके लिए हमने कड़ी मेहनत की थी। हमारे कोच, फेडरेशन और सरकार ने हमारा अच्छा साथ दिया। मैं स्वर्ण पदक पूरे देश को समर्पित करती हूं।"
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीन के हांगझोऊ में 2023 में हुए एशियन गेम्स में भी गोल्ड जीता था।
--आईएएनएस
पीएके
