Aapka Rajasthan

कमर्शियल सिलेंडर के दाम कम होने पर राजेंद्र राठौड़ ने कहा-"जनहित के प्रति संवेदनशील है सरकार"

जयपुर, 1 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती, अभिनेता अजय देवगन की आगामी फिल्म 'चौहान' और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित राजस्थान दौरे सहित कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
 

जयपुर, 1 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती, अभिनेता अजय देवगन की आगामी फिल्म 'चौहान' और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित राजस्थान दौरे सहित कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कमी पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राठौड़ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि हाल के वैश्विक हालात के कारण कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी। होर्मुज जलडमरूमध्य में उत्पन्न बाधाओं के बावजूद केंद्र सरकार ने घरेलू बाजार पर कीमतों का बोझ सीमित रखने का प्रयास किया और इस दौरान तेल विपणन कंपनियों ने भी नुकसान उठाया। अब अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों में कुछ सुधार हुआ है, इसलिए सरकार ने जनहित को ध्यान में रखते हुए कीमतों में राहत देने का फैसला किया है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताता हुई। यह निर्णय आम लोगों की समस्याओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

अजय देवगन की आगामी फिल्म 'चौहान' को लेकर राठौड़ ने चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में इतिहास को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है और राजस्थान के गौरवशाली अतीत को कमतर दिखाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने फिल्म निर्माताओं से इतिहास के तथ्यों का सम्मान करने की अपील करते हुए कहा कि इतिहास किसी एक समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान, देश और विशेष रूप से राजपूताना की साझा विरासत है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षत्रिय और राजपूत समाज के इतिहास को किसी भी रूप में अपमानजनक या विकृत तरीके से प्रस्तुत करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार से इस विषय पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान दौरे और अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लगे क्षेत्रों में 'ज़ीरो-पॉपुलेशन ज़ोन' बनाए जाने के प्रस्ताव पर राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी राजस्थान आते हैं, राज्य के विकास के लिए नई सौगात लेकर आते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था, आधारभूत ढांचे और समग्र विकास में आए बदलाव प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व का परिणाम हैं। सीमा क्षेत्र में शुरुआती 15 किलोमीटर तक 'ज़ीरो-पॉपुलेशन ज़ोन' बनाए जाने के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान की 1,066 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा लगातार ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी, जासूसी और अन्य सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस तरह के कदम आवश्यक हैं, भले ही इससे सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़े।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम