'कॉकरोच' नाम वाली पार्टी का समर्थन कर ठाकरे परिवार खुद छोटा कर रहा अपना कद : राम कदम
मुंबई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में रविवार को प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। इसको लेकर भाजपा नेता राम कदम ने शिवसेना (यूबीटी) पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कॉकरोच नाम की किसी पार्टी के समर्थन में उद्धव या आदित्य ठाकरे को बोलना पड़े, तो इससे पता चलता है कि उन्होंने अपना कद कितना छोटा कर लिया है। बाला साहब होते तो ऐसा विचारधार का कभी समर्थन नहीं करते।
भाजपा विधायक राम कदम ने शिवसेना (यूबीटी) के प्रदर्शन को लेकर कहा कि पार्टी ने दिवंगत बाला साहेब ठाकरे की विचारधारा को छोड़ दिया है, जिसकी वजह से आज उसकी स्थिति कमजोर हो गई है। उन्होंने कहा कि बाला साहब ठाकरे की राजनीति हमेशा अलग पहचान रखती थी और वह अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करते थे। लेकिन पार्टी की स्थिति ऐसी हो गई है कि उसके नेता लगातार पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। ठाकरे परिवार को इस बात पर विचार करना चाहिए कि किन कारणों से पार्टी कमजोर हुई है और कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि एक समय था जब देश के बड़े-बड़े नेता मातोश्री जाकर बाला साहब ठाकरे से मुलाकात करते थे, लेकिन आज परिस्थितियां बदल गई हैं। वर्तमान नेतृत्व की राजनीतिक दिशा बाला साहब ठाकरे की मूल विचारधारा से अलग हो गई है।
राम कदम ने कहा कि अगर बाला साहब ठाकरे होते तो वह कॉकरोज जनता पार्टी की विचारधारा का कभी समर्थन नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना (यूबीटी) राजनीतिक निराशा में ऐसे कदम उठा रही है, जिससे पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं को नुकसान हो सकता है।
उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे द्वारा महाराष्ट्र सरकार पर लगाए गए आरोपों पर भी राम कदम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के गांवों, कस्बों और शहरों में सड़क निर्माण, विकास परियोजनाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने किसानों के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया और कहा कि विपक्ष को यही विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं। सरकार लगातार नई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रही है, जिससे विपक्ष परेशान है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के जन्मदिन की तैयारियों को लेकर भाजपा नेता ने कहा, "मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि उनके जन्मदिन पर को बुके, शॉल या अन्य भेंट न लाए, बल्कि इस दिन जनता के बीच जाकर उनकी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास करें।" उन्होंने कहा कि हर साल उनका यही संदेश कार्यकर्ताओं को रहता है कि वे समाजसेवा के कार्यों से जुड़ें और लोगों की मदद करें।
राम कदम ने कहा कि सीएम से प्रेरित होकर घाटकोपर में उन्होंने लगभग 1250 से ज्यादा लोग, जिनके हाथ या पैर टूटे होते हैं, उन्हें कृत्रिम अंग लगाए जाते हैं। इसके अलावा दिव्यांग और मानसिक रूप से चुनौतियों का सामना कर रहे करीब 1500 से अधिक मरीजों का इलाज किया जा रहा है। बड़े पैमाने पर निशुल्क ऑपरेशन और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
