Aapka Rajasthan

सीएम योगी ने विधान परिषद चुनावों में विजयी उम्मीदवारों को दी बधाई, शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस पर तंज

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों में विजयी उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सोशल मीडिया पर चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया दी।
 

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों में विजयी उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सोशल मीडिया पर चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव 2026 में विजयी हुए सभी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वास है कि निर्वाचित प्रतिनिधि शिक्षकों और स्नातकों की आकांक्षाओं को मजबूत आवाज देंगे तथा उनके हितों की रक्षा, शिक्षा के विकास और प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान करेंगे।

वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "लगता है आर्यभट्ट ने शून्य का आविष्कार कांग्रेस के लिए ही किया था। नेतृत्व शून्य, नीति शून्य और परिणाम भी शून्य।" उन्होंने आगे कहा कि अलग-अलग राज्यों में विधान परिषद चुनाव बैलेट पेपर से हुए, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस का खाता नहीं खुल सका।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एमएलसी चुनाव परिणामों को लेकर विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस, पर निशाना साधा था। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 विधान परिषद सीटों पर चुनाव मतपत्रों (बैलेट पेपर) से हुए थे और सवाल किया कि कांग्रेस इनमें कितनी सीटें जीत पाई।

प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब कांग्रेस और विपक्षी दल समय-समय पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर सवाल उठाते रहे हैं और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते रहे हैं।

बता दें कि बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक में कुल 28 स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर हुए चुनावों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। चुनाव परिणामों में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा और वह कई राज्यों में एक भी सीट जीतने में सफल नहीं रही। कर्नाटक में भी कांग्रेस को सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी