सीएम योगी ने स्वच्छता एवं पौधरोपण का किया आह्वान
गोरखपुर, 23 जुलाई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आमजन से बरसात के मौसम में विशेष तौर पर स्वच्छता पर ध्यान देने के साथ ही खाली स्थानों पर पौधरोपण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कूड़ा सड़क पर न फेंकें और न ही नाली में डालें। नालों पर अतिक्रमण न करें, इससे जलनिकासी बंद हो जाएगी तथा मच्छरों व बीमारियों को पनपने का मौका मिलेगा। शुद्ध पेयजल का इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि इससे हम विषाणुजनित बीमारियों से बच सकेंगे। हमें स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना होगा। सभी लोग खाली स्थानों पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ जरूर लगाएं और जो भी पौधे लगाएं, उसकी सुरक्षा भी करें। पेड़ हमें छाया, फल और ऑक्सीजन देते हैं। हमें जैव विविधता का भी संरक्षण करना होगा। इस लिहाज से गोरखपुर काफी समृद्ध है। यहां एक तरफ रामगढ़ताल है तो दूसरी तरफ चिलुआताल। एक तरफ राप्ती नदी है तो दूसरी तरफ गोर्रा नदी। इतना जल संसाधन कहीं और नहीं, जिसका हमें उचित उपयोग करना होगा।
सीएम योगी ने रेनवाटर हार्वेस्टिंग की प्रेरणा देते हुए कहा कि वर्षा की एक-एक बूंद बचाने की आवश्यकता है। इसके लिए हम छोटे-छोटे प्लांट लगा सकते हैं। अब गोरखपुर समेत यूपी के नागरिकों को विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर मिल रहा है, इसलिए अच्छे कार्य के संरक्षण की जिम्मेदारी भी समाज को उठानी पड़ेगी। उन्होंने लोगों को सार्वजनिक जमीनों पर अतिक्रमण से बचने की सलाह देते हुए कहा कि जब आवागमन तीव्र गति से होगा तो हम अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में सफल होंगे। विकास से न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य को भी बेहतर बना सकेंगे।
इस अवसर पर कुशीनगर के सांसद विजय दुबे, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
डीकेपी/
