सीएम योगी ने 'सूर्य घर योजना' के लाभार्थी अरुण कुमार की सराहना पर जताई खुशी, जताया पीएम मोदी का आभार
नई दिल्ली/लखनऊ, 29 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के लाभार्थी मेरठ निवासी अरुण कुमार का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी विजन का ही प्रतिफल है कि आज अरुण जैसे अनेक लोग आर्थिक स्वावलंबन की नई गाथा भी लिख रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 'मन की बात' कार्यक्रम में 'पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना' के माध्यम से 'ऊर्जा दाता' बने जनपद मेरठ के अरुण कुमार का उल्लेख प्रत्येक प्रदेश वासी के लिए हर्ष का विषय है।"
उन्होंने आगे लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी विजन का ही प्रतिफल है कि आज अरुण जैसे अनेक लोग न सिर्फ बिजली बिल में बचत कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त ऊर्जा का सृजन कर आर्थिक स्वावलंबन की नई गाथा भी लिख रहे हैं। 'घर-घर को रोशन' करती 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' जैसी युगांतरकारी पहल के लिए आपका हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी।"
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में कहा, "आज आप देश के किसी छोटे-बड़े शहर में जाएंगे तो एक बदलाव आप जरूर नोटिस करेंगे। आपको बड़ी संख्या में घरों की छत पर सोलर पैनल लगे हुए दिखाई देंगे। कुछ साल पहले तक ये इक्का-दुक्का घरों पर ही दिखता था। लेकिन आज 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' का प्रभाव देश के कोने-कोने में दिखने लगा है।"
इस दौरान पीएम मोदी ने मेरठ के अरुण कुमार का उदाहरण दगिया। उन्होंने कहा, "मेरठ के अरुण कुमार भी अब अपने इलाके में ऊर्जा दाता बन गए हैं। हाल ही में, दिल्ली में हुए कार्यक्रम में अरुण कुमार ने हिस्सा लिया था और अपने अनुभव साझा किए थे। उन्होंने बताया था कि वो न सिर्फ बिजली बिल की बचत कर रहे हैं, बल्कि अपनी अतिरिक्त बिजली बेच भी रहे हैं।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
च/
