Aapka Rajasthan

सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, नीट परीक्षार्थियों के लिए फ्री में डीटीसी बस में सफर

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
 
सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, नीट परीक्षार्थियों के लिए फ्री में डीटीसी बस में सफर

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 21 जून परीक्षा के दिन सभी परीक्षार्थी निशुल्क डीटीसी की बसों में यात्रा कर सकेंगे और अपने-अपने सेंटर पहुंच सकेंगे। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए परीक्षार्थियों को केवल अपना वैध नीट एडमिट कार्ड बस कंडक्टर को दिखाना होगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हाल ही में नीट परीक्षा के रद्द होने के कारण अनेक परीक्षार्थियों को दोबारा नीट परीक्षा देनी पड़ रही है। ऐसे में परीक्षार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त मानसिक, समयगत और आर्थिक दबाव पड़ना स्वाभाविक है। दिल्ली सरकार परीक्षार्थियों की इन चुनौतियों को समझते हुए उनके साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों को परिवहन संबंधी किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से 21 जून को सभी नीट परीक्षार्थियों के लिए डीटीसी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि वे बिना किसी अतिरिक्त तनाव के समय पर अपने एग्जाम सेंटर पहुंच सकें और पूरी एकाग्रता एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दे सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवाओं का समय, परिश्रम और भविष्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि परीक्षार्थियों को उनकी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान हरसंभव सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराई जाए। नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाएं परीक्षार्थियों के जीवन और भविष्य से जुड़ी होती हैं। ऐसे समय में सरकार का दायित्व है कि परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों को यथासंभव सहयोग और सुविधा प्रदान की जाए ताकि वे किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी या तनाव का सामना न करें।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी नीट अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परीक्षा उनके परिश्रम, समर्पण और सपनों को नई दिशा देने का अवसर है। उन्होंने परीक्षार्थियों से आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने का आग्रह किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सभी नीट परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे 21 जून को डीटीसी बसों में सफर करते वक्त कंडक्टर को एडमिट कार्ड दिखाएं और डीटीसी द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं।

--आईएएनएस

डीएससी