सीएम मोहन यादव ने देशवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दी
भोपाल, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।
भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मैं विजयादशमी के पावन पर्व पर देशवासियों को बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार भी लगातार अपना काम कर रही है। हर त्योहार अपने साथ एक संदेश भी लेकर आता है। आज हम सभी भगवान राम के संघर्षों को भी याद कर रहे हैं। इसी दिन रावण का वध हुआ था और भगवान राम ने राम राज्य की शुरुआत की थी। हम सभी के कल्याण की प्रार्थना करते हैं कि सबके जीवन से कठिनाइयां दूर हों और खुशहाली व समृद्धि की वर्षा हो। गरीब से गरीब के लिए स्नेह लुटाए, सभी को बहुत बहुत बधाई।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से बताया कि शौर्य के प्रतीक 'विजयादशमी' के पावन पर्व पर भोपाल निवास में विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। प्रभु श्रीराम जी की कृपा से अपना मध्य प्रदेश सुशासन, विकास और समृद्धि के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे और जनकल्याण के सभी संकल्प सिद्ध हों। विजयादशमी पर्व की समस्त प्रदेश व देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं।
दूसरी ओर उन्होंने लिखा कि राष्ट्र के नवनिर्माण व गौरवशाली इतिहास की पुनर्स्थापना के संकल्प के लिए समर्पित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 101वें स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं। संघ ने अपनी दीर्घ यात्रा में मां भारती के लिए समर्पित अभूतपूर्व नेतृत्व के साथ असंख्य स्वयंसेवक दिए। अनुशासन, समर्पण और श्रम के प्रतीक, आप सभी स्वयंसेवक मातृभूमि के लिए अपने संकल्पों को साकार करें, यही मंगलकामना है।
वहीं, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, "विजयादशमी धर्म की विजय और कर्तव्य के प्रति निष्ठा का पर्व है। हमारी परंपराएं हमें स्मरण कराती हैं कि शक्ति का वास्तविक उद्देश्य धर्म की रक्षा और लोककल्याण है। इसी भाव के साथ निवास पर मां दुर्गा की आराधना कर शस्त्र एवं वाहन पूजन किया। मां भगवती से प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद सदैव बना रहे और हमें धर्म के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र एवं समाज की सेवा करने का सामर्थ्य प्रदान करें। सभी को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं।"
--आईएएनएस
डीकेएम/एएस
