फ्रांस दौरे पर सीएम मान को लेकर मजीठिया का हमला, बोले- पंजाब में संकट के बीच पेरिस में मना रहे जन्मदिन
चंडीगढ़, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की फ्रांस यात्रा को लेकर सियासत गरमा गई है। शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भगवंत मान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने 16 अक्टूबर को फिल्लौर में नशे की हालत में पुलिस मीटिंग की और अब प्रदेश में परविंदर झोटा मामले पर अशांति के बीच पेरिस में जन्मदिन मना रहे हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के फ्रांस यात्रा को लेकर शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा, "उनका जन्मदिन है। मैंने आज 'एन इवनिंग इन पेरिस' को लेकर पोस्ट भी किया था, जो एक मशहूर हिंदी गाना है, रंग-रंगीलियां मनाने गए हैं।"
उन्होंने कहा कि यह अफसोस की बात है कि 16 अक्टूबर को उन्होंने फिल्लौर में पुलिस की मीटिंग बुलाई। उस मीटिंग में वह नशे में थे, उनके बोलने के अंदाज से यह साफ पता चल रहा था। अब वह फ्रांस के लिए रवाना हो गए हैं, वह पेरिस चले गए हैं।
शिअद नेता ने कहा कि हालात देखिए, जब पंजाब में परविंदर झोटा मामले को लेकर इतनी अशांति है, आप नशे के मुद्दे पर मीटिंग कर रहे हैं, जबकि आप खुद नशे में हैं। मुख्यमंत्री होते हुए नशे में धुत होकर नशे के खिलाफ मीटिंग कर रहे हैं, ये आखिर हो क्या रहा है?
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर मामला है। अमरदीप ग्रेवाल, जिनकी तस्वीरें मैंने आज ट्वीट के साथ साझा की हैं, वह उनके हर पारिवारिक समारोह और निजी कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। वह मुख्यमंत्री की पत्नी के भाई हैं और प्रभावी रूप से मुख्यमंत्री के साढू हैं। उन पर बहुत गंभीर आरोप हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करती है। अगर किसी के साथ बलात्कार हुआ, किसी लड़की का शोषण हुआ हो, और उससे 5 करोड़ लेकर उस आदमी को इन्होंने अमेरिका भिजवा दिया। आज तक पुलिस ना तो उन्हें पकड़ रही है, ना पता लगाने की कोशिश कर रही है। ये सारे मामले में ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक किया था।
बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि मुख्यमंत्री इस मामले में चुप रहे। अगर किसी मामले में ईडी ने उन्हें पकड़ा है, वो एक मामला है। ये बहुत ही गंभीर मामला है कि पीड़ित लड़की की तरह से कोर्ट में बयान दर्ज हो गए हैं, वो कैसे मुमकिन है कि वो जेल से छूटकर दो महीने के अंदर-अंदर अमेरिका भी पहुंच गया।
--आईएएनएस
केके/वीसी
