सीएम के गरबाड़ा के तीन दिवसीय दौरे का पहला दिन: सहज और सरल जननेता भूपेंद्र पटेल की अनूठी संवेदनशीलता
गांधीनगर, 18 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दाहोद जिले के आदिजाति क्षेत्र गरबाडा के गांवों का तीन दिवसीय दौरा शुरू किया है। सीएम भूपेंद्र पटेल सौम्य और दृढ़ मुख्यमंत्री की छवि रखने के साथ-साथ सरल, सहज और अपने भूपेंद्र दादा के रूप में भी लोकप्रिय हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने आदिजाति क्षेत्र के दौरे के दौरान अपनी विशिष्ट सहजता का एक और परिचय सराबली गाँव के एक साधारण आदिजाति परिवार के घर नीचे बैठकर परिवार के साथ भोजन करके दिया।
उन्होंने इस परिवार के बुजुर्गों और महिलाओं के साथ बातचीत करके पारिवारिक स्थिति जानी तथा बच्चों की पढ़ाई और परिवार की आजीविका के बारे में पूछताछ की।
मुख्यमंत्री ने इससे पहले गरबाडा पहुंचने पर सबसे पहले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आदिजाति संस्कृति, लोकपरंपरा और उत्सव के माहौल के बीच ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उस समय भी भूपेंद्र पटेल की सादगी का परिचय सभी को मिला।
स्वागत नृत्य करने वाली टीम ने जब मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने की इच्छा व्यक्त की, तब वे सहज भाव से टीम के साथ खड़े हो गए और फोटो खिंचवाया। इन आदिजाति कलाकारों ने उनका उन्हें सत्कार पारंपरिक आदिजाति कोटी, भोरियूं (कलाई और बांह में पहनने वाला आदिजाति पारंपरिक गहना) और तीर-कमान भेंट करके किया।
वहीं, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आदिवासी क्षेत्र गरबाड़ा के अपने तीन दिवसीय दौरे की पहली रात धानपुर तहसील के भिंडोल गांव में बिताई। मुख्यमंत्री ने आदिवासी तड़वी परिवार के घर पर रात्रि भोज किया। भूपेंद्र पटेल ने परिवारजनों के साथ जमीन पर बैठकर पलाश पत्तों से बने दोनों और पत्तलों में परोसे गए पारंपरिक आदिवासी भोजन के जायके का आनंद लिया।
उन्होंने गरबाड़ा तहसील के भिंडोल गांव में रात्रि विश्राम किया। इससे पूर्व उन्होंने ग्रामजनों के साथ खाट बैठक की और ग्रामीण नागरिकों की समस्याएं और बातें सुनीं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और बुजुर्गों के साथ सहज संवाद किया और ग्रामीण जनजीवन की जानकारी भी ली।
जनजातीय बहुल क्षेत्र गरबाड़ा के तीन दिवसीय दौरे की पहली रात्रि को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आदिवासी भजन मंडली के भजन-कीर्तन श्रवण का भी आनंद लिया।
--आईएएनएस
डीकेपी/
