सीएम हेमंत सोरेन ने रामनवमी पर श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर में की पूजा-अर्चना, लगाए जयकारे
रांची, 27 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को रामनवमी पर रांची के प्रसिद्ध श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। सोरेन ने तपोवन मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को रामनवमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि रांची के श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में हर वर्ष की भांति इस बार भी आस्था के समागम में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आज यहां पूजा अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्रा का आज यहां समागम भी हो रहा है। ऐसे में पूरी श्रद्धा, उमंग, उत्साह और खुशी के साथ इस पर्व को मनाते हुए मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और सामाजिक सद्भाव और समरसता के साथ रामनवमी महापर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तपोवन मंदिर का इतिहास काफी पुराना है । इसकी एक अलग पहचान है । अब इसी पहचान को और मजबूत बनाने की दिशा में हमने कदम बढ़ा दिया है। मंदिर के सौंदर्यीकरण जा कार्य तेजी से चल रहा है। हम सभी भगवान श्री राम से कामना करें कि इस मंदिर को भव्यता देने का काम जल्द से जल्द पूर्ण हो। इस मौके पर ऐतिहासिक तपोवन मंदिर के पुजारी और मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
सोरेन ने पूजा-अर्चना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की। मुख्यमंत्री ने सुबह अपने आवासीय परिसर स्थित भगवान हनुमान के मंदिर में भी पूजा-अर्चना की और हनुमान पताका स्थापित किया। उन्होंने राज्यवासियों के नाम जारी संदेश में कहा, “प्रभु श्रीराम का जीवन हमें सत्य, कर्तव्यनिष्ठा, करुणा और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श हमें एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं जहां सद्भाव, सेवा और नैतिकता सर्वोपरि हों।”
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी रामनवमी पर देश और राज्य के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा, “रामनवमी के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्श सत्य, धर्म, त्याग एवं मर्यादा सदैव सभी के जीवन को आलोकित करते रहें। यह पावन पर्व समस्त देशवासियों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए, यही मेरी मंगलकामना है।”
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
