सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मैग्नम आइसक्रीम कंपनी के सीईओ से की मुलाकात, मुंबई को ग्लोबल हब बनाने पर चर्चा
मुंबई, 28 मई (आईएएमएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में मैग्नम आइसक्रीम कंपनी के सीईओ पीटर टेर कुल्वे से मुलाकात की। इस दौरान महाराष्ट्र में निवेश, कारोबार विस्तार और भविष्य के सहयोग को लेकर अहम चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस मुलाकात की जानकारी शेयर करते हुए कहा कि यह बैठक बेहद सकारात्मक और महत्वपूर्ण रही।
देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि चर्चा का मुख्य केंद्र मुंबई में मैग्नम आइसक्रीम कंपनी के मिडिल ईस्ट, तुर्की और साउथ एशिया ऑपरेशंस के मुख्यालय की स्थापना रहा। इसके अलावा भारत में कंपनी के विस्तार की योजनाओं, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) के विकास और अन्य संभावित सहयोग के क्षेत्रों पर भी विस्तार से बातचीत हुई।
उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण पहल महाराष्ट्र सरकार और मैग्नम आइसक्रीम कंपनी के बीच वर्ष 2025 में हुए एमओयू के बाद आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महाराष्ट्र सरकार उद्योगों और निवेशकों के लिए बेहतर और व्यवसाय अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सीएम फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार हर उस समझौते को पूरी गंभीरता से लागू करने का काम कर रही है, जो महाराष्ट्र के विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करने से जुड़ा है।
इस बैठक में मैग्नम आइसक्रीम कंपनी के मिडिल ईस्ट, तुर्की और साउथ एशिया क्षेत्र के अध्यक्ष टोलॉय तानरिदागली, क्वालिटी वॉल्स (इंडिया) लिमिटेड के मुख्य वित्त अधिकारी प्रशांत प्रेमराजका और मैग्नम आइसक्रीम कंपनी के सीएफओ अभिजीत भट्टाचार्य भी मौजूद रहे।
बता दें कि मैग्नम आइसक्रीम कंपनी नीदरलैंड की बहुराष्ट्रीय कंपनी है और दुनिया की सबसे बड़ी आइसक्रीम निर्माता कंपनियों में शामिल है। कंपनी का मुख्यालय एम्स्टर्डम, नीदरलैंड में स्थित है। यह पहले यूनिलीवर का हिस्सा थी, लेकिन बाद में इसे अलग कर एक स्वतंत्र सार्वजनिक कंपनी बनाया गया।
मैग्नम आइसक्रीम कंपनी 80 से अधिक देशों में अपना कारोबार संचालित करती है और उसका वैश्विक कोल्ड चेन नेटवर्क काफी बड़ा माना जाता है।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी
