सीएम धामी ने की पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों की समीक्षा
देहरादून,12 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। रविवार को उन्होंने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड एवं मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखंड दौरे पर हमेशा राज्य को नई सौगातें मिलती हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से अब तक जितनी भी बार पीएम मोदी उत्तराखंड आए हैं, हर बार राज्य को कुछ न कुछ नया मिला है। इस बार भी उनके आगमन पर एक ऐतिहासिक पल होने जा रही है।
धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे को समर्पित करेंगे, जिससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय मात्र दो से ढाई घंटे रह जाएगा। उन्होंने इसे राज्यवासियों के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी बताया और कहा कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी के दिल में उत्तराखंड बसता है। उनके आने से पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल रहता है।
उत्तराखंड सरकार में मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पीएम मोदी का उत्तराखंड से गहरा लगाव है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। 14 अप्रैल को पीएम मोदी उत्तराखंड आएंगे। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। इस दौरान कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया जाएगा। आज पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया।
सीएम धामी ने एक्स पर पोस्ट किया, पीएम मोदी के देहरादून में 14 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल आयोजन के दृष्टिगत गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड एवं मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। इस अवसर पर मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां काली से राज्य की उन्नति एवं कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना की।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
