सीएम धामी ने कपिलेश्वर मंदिर का वीडियो साझा किया, लिखा-अल्मोड़ा आएं तो करें शिवधाम के दर्शन
देहरादून, 13 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अल्मोड़ा के कपिलेश्वर शिव मंदिर का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किया है। सावन के पावन महीने में उन्होंने श्रद्धालुओं से शिवधाम का दर्शन करने के लिए आग्रह किया है।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, "अल्मोड़ा शहर से लगभग 12 किलोमीटर दूर सिमल्टी गांव के पास स्थित कपिलेश्वर शिव मंदिर उत्तराखंड के प्राचीन मंदिरों में से एक माना जाता है। कत्यूरी शासनकाल में निर्मित यह मंदिर अपनी विशिष्ट स्थापत्य कला और आध्यात्मिक आभा के लिए विशेष पहचान रखता है।"
उन्होंने लिखा, "पवित्र सावन मास में यहां विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होता है, जिससे मंदिर का वातावरण और भी भक्तिमय हो उठता है। अल्मोड़ा जनपद आगमन पर इस शिवधाम के दर्शन अवश्य करें।"
मुख्यमंत्री की ओर से 12 अगस्त को ऋषिकेश के पास पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर का एक वीडिया साझा कर जानकारी दी गई थी। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा था, "ऋषिकेश के निकट पौड़ी गढ़वाल जनपद में स्थित देवाधिदेव महादेव को समर्पित नीलकंठ महादेव मंदिर अत्यंत पावन तीर्थस्थल है। पौराणिक मान्यताओं और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण यह धाम सावन मास में विशेष आस्था का केंद्र बन जाता है।"
सीएम ने आगे लिखा था, "देशभर से लाखों शिवभक्त कांवड़ में गंगाजल लेकर नीलकंठ महादेव पहुंचते हैं और भोलेनाथ का जलाभिषेक कर उनकी कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। पौड़ी गढ़वाल जनपद आगमन पर आप भी इस पावन मंदिर के दर्शन अवश्य करें।"
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से 11 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा था, "कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में सहभागी बने देशभर से आए सभी शिवभक्तों का हृदय से आभार एवं अभिनन्दन।"
उन्होंने लिखा था, "इस वर्ष देवभूमि उत्तराखण्ड ने श्रद्धा के ऐसे विराट स्वरूप का साक्षात्कार किया, जहां करोड़ों शिवभक्तों की आस्था के साथ सेवा, अनुशासन और व्यवस्था का अद्भुत समन्वय दिखाई दिया। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा और उत्तराखण्ड की सेवा एवं आतिथ्य परंपरा में उनके विश्वास को दर्शाता है।"
सीएम धामी ने लिखा था, "इस विशाल जनसमागम को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन दल, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों का योगदान सराहनीय रहा। महादेव से प्रार्थना है कि समस्त शिवभक्तों पर उनकी कृपा बनी रहे और सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों। हर हर महादेव!"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम
