अहमदाबाद में सीएम भूपेंद्र पटेल ने शंकराचार्य शंकर विजयेंद्र सरस्वती से लिया आशीर्वाद
गांधीनगर, 5 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद के गोता में कांची कामकोटि पीठम के 70वें पीठाधिपति जगद्गुरु शंकराचार्य शंकर विजयेंद्र सरस्वती स्वामी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गोता में शंकराचार्य की मौजूदगी में हुए पूर्णाहुति हवन में हिस्सा लिया। उन्होंने यज्ञशाला मंडपम में शंकराचार्य से बातचीत की।
भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शंकराचार्य शंकर विजयेंद्र सरस्वती स्वामी से मुलाकात की फोटो शेयर की। उन्होंने लिखा, "आज अहमदाबाद के गोता में मुझे मूलाम्नाय सर्वज्ञ कांची कामकोटि पीठम के 70वें पीठाधिपति जगद्गुरु शंकराचार्य शंकर विजयेंद्र सरस्वती स्वामी का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। मुझे शंकराचार्य जी की उपस्थिति में आयोजित 'पूर्णाहुति हवन' में भाग लेने का दिव्य अवसर प्राप्त हुआ। यज्ञशाला मंडपम में उनके साथ हुई बातचीत अत्यंत प्रेरणादायक रही।"
उन्होंने एक्स पर लिखा, ''सनातन परंपरा और वैदिक संस्कृति के संरक्षण तथा संवर्धन में कांची कामकोटि पीठम का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। मेरी प्रार्थना है कि पूज्य शंकराचार्य का आशीर्वाद राष्ट्र की गौरवपूर्ण और समृद्ध प्रगति के लिए एक प्रेरक शक्ति बने।''
28 फरवरी 2018 को पीठाधिपति जयेंद्र सरस्वती के निधन के बाद जगद्गुरु शंकराचार्य शंकर विजयेंद्र सरस्वती महास्वामी ने 70वें पीठाधिपति की जिम्मेदारी संभाली है। कांचीपुरम में मौजूद कांची कामकोटि पीठम भारतीय सनातन परंपरा और वैदिक संस्कृति को बढ़ावा देने में अहम योगदान दे रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ पूर्व शिक्षा मंत्री और वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह चूड़ासमा और मायाबेन कोडनानी मौजूद रही।
--आईएएनएस
एसके/वीसी
