Aapka Rajasthan

सीएम भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद को 584 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की दी सौगात

गांधीनगर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और समर्पण के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित 'सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान' के तहत मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को अहमदाबाद महानगर को 279.80 करोड़ रुपए के 6 कार्यों के लोकार्पण और 304.05 करोड़ रुपए के 6 कार्यों के भूमिपूजन के साथ कुल 583.85 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी।
 

गांधीनगर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और समर्पण के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित 'सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान' के तहत मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को अहमदाबाद महानगर को 279.80 करोड़ रुपए के 6 कार्यों के लोकार्पण और 304.05 करोड़ रुपए के 6 कार्यों के भूमिपूजन के साथ कुल 583.85 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में नवनिर्मित आवासों के लिए ड्रॉ निकाला गया और 450 से अधिक नवनियुक्त सहायक तकनीकी पर्यवेक्षकों और 50 कनिष्ठ लिपिकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और समर्पण के 25 वर्ष आगामी 7 अक्टूबर को पूरे होने जा रहे हैं। इसके अंतर्गत देशभर में 'सेवा, संकल्प और समर्पण अभियान' मनाया जा रहा है। सीएम पटेल ने कहा कि इन वर्षों के दौरान उनके द्वारा स्थापित विकास की राजनीति के केंद्र में सदैव आम आदमी ही रहा है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मोदी ने सरकार के मुखिया के तौर पर लगातार जनसेवा में कार्यरत रहने का अनोखा रिकॉर्ड स्थापित किया है।

गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में कांकरिया तालाब का कायाकल्प और विश्वस्तरीय साबरमती रिवरफ्रंट उनके विजन का प्रतीक हैं। इसके लिए वहां रहने वाले झुग्गी वासियों को दूसरी जगहों पर पक्के मकान देने का निर्णय उनकी मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति को दिखाता है। प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया स्वच्छता अभियान आज एक जनआंदोलन बन गया है। इसी प्रकार, आयुष्मान योजना से सामान्य परिवारों को भी महंगे उपचार के आर्थिक बोझ और बीमारी के उपचार के बड़े खर्च से मुक्ति मिली है।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री का 'विकसित गुजरात से विकसित भारत' का स्वप्न साकार करने के लिए गुजरात एक ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है। इसके पीछे पीएम मोदी की दृढ़ इच्छा शक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व रहा है। उन्होंने आगे कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय प्रबंधन के मामले में गुजरात देशभर में शीर्ष स्थान पर है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न विभागों में सभी महत्वपूर्ण पदों पर समय पर नियुक्तियां सुनिश्चित करने के लिए सरकार निरंतर कार्यरत है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद महानगर पालिका के इतिहास में सर्वाधिक 450 से अधिक कर्मचारियों को एक ही दिन में नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को ईमानदारी की राह पर चलने की सीख दी। साथ ही, उन्होंने स्वच्छता के प्रति जागरूकता और टेक्नोलॉजी के उत्तम उपयोग से जनता की सेवा के संकल्प के साथ पूरी निष्ठा और गुणवत्तापूर्ण काम करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रधानमंत्री के 'विकसित गुजरात से विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने का अनुरोध किया।

--आईएएनएस

एसके/