सीएम भजनलाल शर्मा ने की अपील, जिम्मेदार नागरिक बनकर जनगणना को सफल बनाएं
नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनगणना 2027 के तहत 1 मई से प्रारंभ की गई स्व-गणना में स्वयं भाग लेते हुए आधिकारिक पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कर फॉर्म सबमिट किया। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से इस महाअभियान में भाग लेने की अपील की।
सोशल मीडिया पोस्ट एक्स के माध्यम से सीएम भजनलाल शर्मा ने लिखा कि आज से प्रदेश में प्रारंभ हो रही जनगणना के प्रथम चरण ‘हाउस लिस्टिंग’ प्रक्रिया के अंतर्गत, मैंने अपना स्वयं-गणना प्रपत्र भरा। यह प्रक्रिया सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर पात्र नागरिक तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा प्रदेश के समग्र विकास के लिए सटीक नीतियां बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपकी सही और पूर्ण जानकारी ही देश और प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति देगी। शीघ्र ही जनगणना दल आपके निवास पर पहुंचेंगे। आप सभी से आग्रह है कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं, पूर्ण सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। आप स्वयं भी निम्नलिखित लिंक के माध्यम से प्रपत्र भर सकते हैं। आइए, जिम्मेदार नागरिक बनकर जनगणना को सफल बनाएं और देश एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें।
राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा गया कि भारत सरकार द्वारा जनगणना 2027 1 मई से प्रारंभ की जा रही है। जिसके तहत हर राज्य/संघ राज्य क्षेत्र में, मकान सूचीचकरण एवं मकानों की गणना आरंभ होने जा रही है। इससे पहले 15 दिनों (स्व-गणना: 1 मई से 15 मई 2026 तक) की विशेष सुविधा दी जा रही है, जिसमें प्रदेश के नागरिक स्वयं अपनी जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन भर सकते हैं।
दूसरी ओर सीएम भजनलाल शर्मा ने महाराष्ट्र और गुजरात दिवस की शुभकामनाएं भी दी।
एक्स पोस्ट में सीएम ने लिखा कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण महाराष्ट्र के स्थापना दिवस पर सभी महाराष्ट्र वासियों को शुभकामनाएं। वीर सावरकर और लोकमान्य तिलक जैसी विभूतियों की यह तपोभूमि निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करे, ऐसी मेरी शुभेच्छा है।
आगे पोस्ट में उन्होंने लिखा कि भगवान श्री सोमनाथ के आशीर्वाद से अभिसिंचित गुजरात के स्थापना दिवस पर सभी गुजरातवासियों को शुभकामनाएं। सीएम भूपेंद्र पटेल के कुशल नेतृत्व में गुजरात 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को सिद्ध करते हुए निरंतर प्रगति के नए सोपान तय कर रहा है।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम
