डीके शिवकुमार चुने गए कांग्रेस विधायक दल के नेता, तीन जून को लेंगे सीएम पद की शपथ
बेंगलुरु, 30 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को शनिवार को सर्वसम्मति से कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुन लिया गया। उनके नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने रखा, जिसका समर्थन वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी परमेश्वर ने किया।
सीएलपी की बैठक में शिवकुमार के नाम पर मुहर लगने के साथ ही उनके कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। इससे पहले कांग्रेस नेतृत्व ने घोषणा की थी कि शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
बैठक के दौरान कांग्रेस विधायक दल ने सिद्दारमैया के प्रति विशेष आभार भी व्यक्त किया। पार्टी ने कहा कि कर्नाटक की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के रूप में वर्ष 2013 से 2018 और 2023 से 2026 तक उनके कार्यकाल को हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद रखेंगे, साथ ही विपक्ष के नेता के रूप में उनकी सेवाओं को भी सराहा जाएगा।
कांग्रेस विधायक दल ने अपने प्रस्ताव में कहा कि सामाजिक न्याय के प्रति सिद्दारमैया की प्रतिबद्धता, उनका प्रशासनिक नेतृत्व, कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पण और पार्टी नेतृत्व में उनकी अटूट आस्था प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पार्टी ने कहा कि कांग्रेस संगठन और सरकार आगे भी इन्हीं मूल्यों और आदर्शों के मार्गदर्शन में काम करती रहेगी। विधायक दल ने सिद्दारमैया के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी पार्टी और सरकार को अपना मार्गदर्शन देते रहेंगे।
प्रस्ताव में कहा गया कि कांग्रेस सरकार कर्नाटक के लोगों की सेवा, सभी क्षेत्रों में परिवर्तनकारी विकास और कन्नड़वासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के अपने मिशन को सिद्धारमैया के अनुभव और मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ाएगी।
बता दें कि यह पहले से ही तय माना जा रहा था कि डीके शिवकुमार ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक से पहले पार्टी कार्यालय में आयोजित संयुक्त आपात प्रेस वार्ता में केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद जी. सी. चंद्रशेखर ने कहा था कि तीन जून को डीके शिवकुमार सीएम पद की शपथ लेंगे और पार्टी ने समारोह को सादगीपूर्ण रखने व आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने का निर्णय लिया है।
--आईएएनएस
डीएससी
