सीजेपी आंदोलन का विरोध कांग्रेस की ऐतिहासिक भूल : अखिल गोगोई
गुवाहाटी, 22 नवंबर (आईएएनएस)। रायजोर दल के विधायक अखिल गोगोई ने सीजेपी आंदोलन का विरोध करने के लिए कांग्रेस और राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समानांतर अभियान ने अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा सरकार की मदद की और इसे एक 'ऐतिहासिक भूल' करार दिया।
अखिल गोगोई ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मैं सीजेपी का प्रवक्ता नहीं हूं। मैं सीजेपी को बहुत पसंद करता हूं, क्योंकि यह पूरे भारत के लोगों के आक्रोश, दुख और उनकी आवाज का प्रतिनिधित्व करता है। पांच महीनों में सीजेपी ने भाजपा सरकार की धज्जियां उड़ा दीं। इसलिए हम सभी को इस सीजेपी आंदोलन को बढ़ावा देना चाहिए था, इसका समर्थन करना चाहिए था और इसमें मदद करनी चाहिए थी।"
उन्होंने कहा, "लेकिन उन्होंने क्या किया? इसके उलट, हमने यानी कांग्रेस और कुछ विपक्षी दलों ने सीजेपी आंदोलन का विरोध किया, एक समानांतर आंदोलन खड़ा किया और भाजपा सरकार की मदद करके सीजेपी आंदोलन को दबा दिया।"
गोगोई ने इसे विपक्ष की बड़ी रणनीतिक गलती बताया। उनका कहना है कि जब देशभर में लोगों का गुस्सा भाजपा सरकार के खिलाफ उभर रहा था, तब विपक्ष को एकजुट होकर उस आवाज को और मजबूत करना चाहिए था। इसके बजाय समानांतर आंदोलन खड़ा करके उस आंदोलन की धार को कमजोर कर दिया गया।
राहुल गांधी को लेकर उन्होंने कहा, "मुझे लगा था कि राहुल गांधी आजकल पूरी तरह से परिपक्व हो गए हैं। भाजपा ने राहुल को 'पप्पू' बनाने की कोशिश की, लेकिन आजकल सबको पता चल गया है कि असली 'पप्पू' कौन है।
अखिल गोगोई ने कहा कि राहुल गांधी आज लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। लोगों में उनके प्रति भरोसा बढ़ा है। ऐसे समय में कांग्रेस को जन आंदोलनों के साथ खड़ा होना चाहिए था, न कि उनके समानांतर अपना अभियान चलाना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि सीजेपी आंदोलन सिर्फ किसी एक पार्टी या संगठन का आंदोलन नहीं था, बल्कि यह आम जनता के दुख, आक्रोश और उम्मीदों की अभिव्यक्ति था। पांच महीनों में इस आंदोलन ने सरकार को घेरने में अहम भूमिका निभाई थी।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी
