Aapka Rajasthan

सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन में उपराष्ट्रपति बोले, एआई और सेमीकंडक्टर भविष्य के विकास के आधार

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आयोजित सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन के 31वें संस्करण के समापन सत्र को संबोधित किया। उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश द्वारा हासिल की गई उल्लेखनीय विकास उपलब्धियों की सराहना की।
 

नई दिल्‍ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आयोजित सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन के 31वें संस्करण के समापन सत्र को संबोधित किया। उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश द्वारा हासिल की गई उल्लेखनीय विकास उपलब्धियों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि जून 2024 से अब तक राज्य ने 22 लाख करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 714 निवेश परियोजनाओं को आकर्षित किया है, जो निवेशकों के मजबूत विश्वास और आर्थिक गतिविधियों में तेजी को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि राज्य का ‘स्वर्ण आंध्र 2047’ का विजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप है। हरित ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, क्वांटम प्रौद्योगिकी, बंदरगाहों, एयरोस्पेस और उन्नत विनिर्माण के क्षेत्र में निवेश आंध्र प्रदेश को एक उभरते औद्योगिक एवं नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित कर रहे हैं।

इस वर्ष के शिखर सम्मेलन के विषय 'नई वैश्विक व्यवस्था में मार्ग प्रशस्त करना- व्यापार, प्रौद्योगिकी और विश्वास' का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं, प्रौद्योगिकीगत बदलाव, जलवायु परिवर्तन और बदलती आपूर्ति शृंखलाएं वैश्विक अर्थव्यवस्था को नया स्वरूप दे रही हैं, हालांकि अनिश्चितता का प्रत्येक दौर नए अवसर भी प्रस्तुत करता है। अनुकूलन क्षमता, नवाचार और विश्वसनीय साझेदारियों का प्रदर्शन करने वाले देश भविष्य को आकार देने की दृष्टि से सबसे बेहतर स्थिति में होंगे।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में दृढता से आगे बढ़ रहा है। भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति, युवा एवं कुशल कार्यबल, जीवंत उद्यमशीलता तंत्र तथा विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्रों के विस्तार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की आकांक्षा केवल उभरती वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में भागीदारी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे आकार देने में अग्रणी भूमिका निभाने की है।

उपराष्ट्रपति ने एआई, सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग, जैव प्रौद्योगिकी, उन्नत विनिर्माण और डिजिटल प्लेटफॉर्म की परिवर्तनकारी क्षमता को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत को अंतर्मुखी होने के रूप में नहीं समझा जाना चाहिए, बल्कि इसका अर्थ घरेलू क्षमताओं का निर्माण करना, प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना तथा वैश्विक बाजारों के साथ और मजबूती से एकीकृत होना है।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक राष्ट्रीय प्रयास का आह्वान करते हुए सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का दायित्व केवल सरकार पर नहीं डाला जा सकता। इसके लिए उद्योग जगत, शिक्षा जगत, उद्यमियों, युवाओं और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। ये प्रधानमंत्री के ‘सबका प्रयास’ के आह्वान के अनुरूप है।

उपराष्ट्रपति ने सभी हितधारकों से संवाद से आगे बढकर कार्रवाई करने, अवसरों को उपलब्धियों में बदलने तथा साझेदारी को साझा समृद्धि में परिणत करने का आह्वान किया। उन्होंने शिखर सम्मेलन में योगदान देने के लिए सभी सहभागी देशों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के अग्रणियों और संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और टीजी भरत, सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी तथा सीआईआई की मनोनीत अध्यक्ष डॉ. सुचित्रा एला उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी