'चुनाव हारने पर जनता को अशब्द बोलना कांग्रेस का चरित्र', कन्हैया कुमार के बयान पर शहजाद पूनावाला का पलटवार
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कन्हैया कुमार की गुजरात संबंधी टिप्पणियों और कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई के भाजपा मतदाताओं को 'मूर्ख' कहने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उनकी कड़ी आलोचना की।
शहजाद पूनावाला ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ये मोहब्बत की दुकान नहीं, नफरत के भाई जान हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने पहले गुजरात और उत्तर भारत के लोगों को अनपढ़ और गंवार कहा और फिर माफी मांगने का ढोंग किया। ये संयोग नहीं है, ये सोचा-समझा प्रयोग और उद्योग है।
उन्होंने कहा कि अब जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कन्हैया कुमार ने गुजरातियों के लिए किया है, क्या गुजरात कांग्रेस इससे इत्तेफाक रखती है? क्या असम को लेकर जो उन्होंने बोला है, उससे असम कांग्रेस के नेता सहमत हैं? ये दिखाता है कि जब कांग्रेस चुनाव हारती है तो जनता को गाली देना, लोगों के बीच लड़ाई, जाति-धर्म को लेकर विवाद खड़ा करना और अब राज्यों को गाली देना, ये उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने हुसैन दलवाई के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि ये कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।
पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस मोदी विरोध में अब देशविरोधी बनती जा रही है।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि 'जनता का करो अपमान', यही बन चुकी है कांग्रेस की पहचान। ऐसा पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने भाजपा को वोट देने वाली जनता को गालियां दी हैं क्योंकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। ये लोग अपने आप को जनता से ऊपर समझते हैं। ये परिवार को लोकतंत्र से ऊपर समझते हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जनता को जनार्दन मानते हैं और हम लोग खुद को सेवक मानते हैं, और कांग्रेस को लगता है कि जनता नौकर है और ये लोग मालिक हैं। जनता को कभी अनपढ़ बोलना, गाली देना, ये कांग्रेस का चरित्र बन चुका है।
बता दें कि गुजरात के रहने वालों पर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार के बयान से विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने गुजरातियों को सबसे बड़ा घुसपैठिया बताया और चुनाव वाले राज्य से उन्हें बाहर निकालने की अपील की।
कन्हैया कुमार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस तारीख और जगह का कोई जिक्र नहीं है। इसमें कांग्रेस नेता को एक राजनीतिक रैली के दौरान गुजरातियों पर तंज कसते हुए दिखाया गया है। माना जा रहा है कि यह रैली असम चुनावों से पहले हुई थी।
कन्हैया कुमार ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "जब पत्रकारों ने मुझसे विधानसभा चुनावों में घुसपैठियों के मुद्दे पर सवाल पूछा, तो मैंने कहा, 'सबसे बड़ा घुसपैठिया तो गुजरात से आया है। लोगों को उसे, हिमंत बिस्वा सरमा के साथ, राज्य से बाहर निकाल देना चाहिए।'"
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
