चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के पांच अधिकारियों का किया ट्रांसफर
कोलकाता, 18 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के आम चुनाव 2026 की तैयारियों के मद्देनज़र चुनाव आयोग ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादलों और नई तैनाती को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। यह निर्देश राज्य के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र के माध्यम से दिए गए हैं।
आयोग द्वारा की गई समीक्षा के बाद पांच अधिकारियों की नई तैनाती तय की गई है। इसमें राठौड़ अमित कुमार भरत को डीआईजी रायगंज रेंज, अजीत सिंह यादव को डीआईजी मुर्शिदाबाद, श्रीहरि पांडे को डीआईजी बर्धमान, कंकर प्रसाद बरुई को डीआईजी प्रेसिडेंसी रेंज और अंजलि सिंह को डीआईजी जलपाईगुड़ी के रूप में तैनात किया गया है।
आयोग ने निर्देश दिया है कि इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और सभी अधिकारी शीघ्र ही अपना कार्यभार ग्रहण करें। साथ ही, इनकी जॉइनिंग से संबंधित अनुपालन रिपोर्ट 19 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे तक आयोग को आवश्यक रूप से भेजें। इसके अतिरिक्त आयोग ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरित किए गए इन अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विधानसभा चुनावों की घोषणा करते हुए आश्वासन दिया था कि पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में चुनाव प्रलोभन मुक्त, निष्पक्ष, तटस्थ और शांतिपूर्ण होंगे। इसी उद्देश्य से चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। चुनाव आयोग ने इससे पहले 17 मार्च को केरल के पांच अधिकारियों का भी तबादला किया था।
चुनाव आयोग ने आईपीएस अधिकारी नारायणन (डीआईजी रैंक) को कोझिकोड में जिला पुलिस प्रमुख, थॉमसन जोस को त्रिशूर डीआईजी रेंज, इनबासेखर को जिला कलेक्टर-सह-डीईओ अलापुझा, वंदना एस. केएएस को राजस्व मंडल अधिकारी, थालीपरंब सह-आरओ इरिकुर, कन्नूर और सचिन कृष्णा केएएस को जिला रजिस्ट्रार जनरल, कन्नूर सह-आरओ धर्मदम, कन्नूर के पद पर तैनात करने के निर्देश दिए थे।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
