चुनाव आयोग ने लोकतंत्र की नींव को किया कमजोर, वोटों में की धांधली : अवधेश प्रसाद
अयोध्या, 28 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने 'इंडिया' गठबंधन की बैठक, अखिलेश यादव के बयान सहित कई मामलों पर प्रतिक्रिया दी है।
'इंडिया' गठबंधन की बैठक को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन एक बहुत बड़े मकसद के लिए बनाया गया था। इसकी बैठक 30 तारीख को होने वाली है और यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब चुनाव आयोग पर पूरी तरह से सवाल उठ रहे हैं। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब सरकार चुनाव आयोग को बचाने के लिए उसका पूरा समर्थन कर रही है। सरकार उनके भ्रष्टाचार में शामिल है, जिसके कारण कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और चुनाव आयोग की तारीफ की।"
अवधेश प्रसाद ने कहा, "चुनाव आयोग ने लोकतंत्र की नींव को कमजोर किया है और वोटों में धांधली की है। आपको दूर जाने की जरूरत नहीं है। भगवान पुरुषोत्तम राम की धरती पर मिल्कीपुर उपचुनाव में पूरी तरह से धांधली हुई। वोट का अधिकार बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर ने दिया है। उस अधिकार से वंचित करने का काम चुनाव आयोग ने किया है। किसी देश में लोकतंत्र कितना मजबूत है, उसकी जड़ें कितनी मजबूत हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उस देश में चुनाव आयोग कितना स्वतंत्र है।"
सपा सांसद ने आगे कहा, "दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि देश का चुनाव आयोग न तो निष्पक्ष, न तो स्वतंत्र है, बल्कि सरकार के साथ हाथ में हाथ मिलाकर कंधे से कंधा मिलाकर पूरी तरह से वोट लूटने का काम कर रहा है। इससे बड़ा अपराध नहीं हो सकता।"
बारिश की वजह से फसलें बर्बाद होने पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "मैं सरकार से मांग करता हूं कि राज्य भर में किसानों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। हमारे गन्ना किसानों को नुकसान हुआ है और धान की फसलें भी पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। गन्ने की फसलें नहीं उग पाई हैं और राज्य में कई लोगों की जान भी गई है। यह एक प्राकृतिक आपदा है, इसलिए मेरी मांग है कि जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवारों को आर्थिक मदद दी जाए और जो लोग घायल हुए हैं, उनके इलाज और उनके परिवारों को भी मदद दी जाए। मृतकों के परिवारों पर प्रति हमारी संवेदना है।"
अखिलेश यादव की ओर से गोरखपुर को सैफई से तुलना करने पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "पूरे प्रदेश में हालत बहुत खराब है। लखनऊ की सड़कें इस कदर डूबी हैं कि जैसे नदी। कोई काम नहीं किया गया है बल्कि भ्रष्टाचार किया गया है।"
ब्रजेश पाठक के 'ई-रिक्शा चलाएं' वाले बयान को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा, "इन लोगों का समय पूरा हो गया है। कुछ किया नहीं, इस वजह से ऐसी बेबुनियादी बातें कर रहे हैं। 2027 में हमारी सरकार आएगी तो युवाओं से कहना चाहता हूं कि उनको सरकारी नौकरी दी जाएगी। ठेके वाली नौकरियों को खत्म किया जाएगा।"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम
