चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट पर हमला बंद करे कांग्रेस, 2014 से चल रहा है यही नाटक: रिजिजू
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठाने के लिए निशाना साधा। कांग्रेस के चुनाव आयोग तक मार्च और इस दौरान विपक्षी सांसदों को रोके जाने के मुद्दे के बीच रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस को अब कथित तौर पर चलाए जा रहे इस ड्रामा को बंद कर जनता के बीच जाकर काम करना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और उनके साथी रोज-रोज चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट को लेकर जिस तरह के आरोप लगाते हैं, अब उसे बंद करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि 2014 से लगातार इसी तरह की राजनीति चल रही है। यह सिलसिला आखिर कब तक चलेगा। लोकतंत्र में जनता की सेवा करने पर जनादेश मिलता है। जब कांग्रेस को जनादेश नहीं मिलता तो वह चुनाव आयोग को दोष देती है और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है। अगर चुनाव आयोग को लगातार निशाना बनाया जाएगा और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों के बाद भी अदालत पर भरोसा नहीं जताया जाएगा तो इससे न तो लोकतंत्र मजबूत होगा और न ही कांग्रेस पार्टी का दोबारा राजनीतिक उदय होगा।
रिजिजू ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा कार्यकर्ताओं से सीख लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता और प्रधानमंत्री मोदी अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए निरंतर सेवा करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि उन्हें भी जनता के बीच जाकर सेवा करनी चाहिए और केवल राजनीतिक आरोपों और सोशल मीडिया के जरिए नैरेटिव चलाने से काम नहीं चलेगा। अगर कांग्रेस जनता के बीच लगातार काम करेगी तो लोगों का विश्वास हासिल कर सकती है, लेकिन प्रदर्शन करने और आरोप लगाने से जनसमर्थन नहीं मिलेगा।
कांग्रेस के लंबे शासनकाल का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देश में 55 वर्ष तक शासन करने का अवसर मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान दो वर्ष आपातकाल लगाया गया और उस समय संविधान की प्रस्तावना में बदलाव किया गया। कांग्रेस आज लोकतंत्र की बात करती है, लेकिन उसे अपने शासनकाल के इतिहास को भी देखना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से देश की संवैधानिक संस्थाओं को लेकर राजनीति करने के बजाय अपनी राजनीतिक कार्यशैली पर विचार करने की अपील की।
रिजिजू ने राहुल गांधी और कांग्रेस से एक और अपील करते हुए कहा कि वे कथित तौर पर भारत विरोधी ताकतों के नैरेटिव को आगे बढ़ाना बंद करें। उन्होंने कहा कि कुछ विदेशी ताकतें भारत को कमजोर करने और देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने के लिए लगातार अलग-अलग नैरेटिव चलाती हैं। कांग्रेस को कम से कम ऐसे कथित नैरेटिव को आगे नहीं बढ़ाना चाहिए। कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया है और इसलिए उससे जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने की अपेक्षा की जाती है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश बदल चुका है और अब केवल किसी राजनीतिक परिवार में जन्म लेने से कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री नहीं बन सकता। देश के युवा नई सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर देश आगे बढ़ रहा है। विपक्ष को प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए सरकार को लगातार ललकारने के बजाय जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता बनाने पर ध्यान देना चाहिए। जनता पीएम मोदी के साथ है और एनडीए सरकार के साथ खड़ी है।
अपने राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए रिजिजू ने कहा कि उन्होंने खुद करीब 25 साल विपक्ष में रहकर गांव-गांव पैदल जाकर लोगों के बीच काम किया है। इसी तरह लगातार जनता के साथ जुड़ने से लोगों का विश्वास हासिल होता है। आज देश के गांव-गांव तक विकसित भारत के सपने को लेकर लोग जुड़ रहे हैं। ऐसे में केवल सोशल मीडिया पर नैरेटिव चलाने या संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने से राजनीतिक सफलता हासिल नहीं की जा सकती।
--आईएएनएस
पीएसके
