चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत से चुनाव में वोट चोरी हुई: कांग्रेस नेता उदित राज
नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता उदित राज ने कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) और इंडिया ब्लॉक की प्रस्तावित बैठक को लेकर अपनी बात रखी। इसके साथ ही, उन्होंने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि करोड़ों मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं। इसके अलावा, उन्होंने अखिलेश यादव की इंडिया ब्लॉक बैठक से दूरी, विपक्ष पर लगाए जा रहे आरोपों और दिल्ली में मंत्री प्रवेश वर्मा से जुड़ी घटना पर भी प्रतिक्रिया दी।
सीडब्ल्यूसी की प्रस्तावित बैठक के एजेंडे को लेकर उदित राज ने कहा कि उन्हें अभी इसकी जानकारी नहीं है और वास्तविक एजेंडा सीडब्ल्यूसी के सामने ही पेश होगा। उन्होंने कहा कि देश के सामने सबसे बड़ा मुद्दा चुनाव आयोग, वोटों की कथित चोरी और मतदाता सूची से करोड़ों नाम हटाए जाने का है। भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत के कारण 2024 का चुनाव और दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और हरियाणा के विधानसभा चुनाव बेईमानी से जीते गए। उन्होंने कहा कि महंगाई समेत अन्य मुद्दे भी बैठक में चर्चा का हिस्सा हो सकते हैं।
30 तारीख को प्रस्तावित इंडिया ब्लॉक की बैठक में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की संभावित गैरमौजूदगी पर उदित राज ने कहा कि अखिलेश यादव यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जगह कोई प्रतिनिधि बैठक में आ सकता है और जरूरी नहीं कि अखिलेश यादव स्वयं मौजूद रहें। अखिलेश यादव इंडिया ब्लॉक के साथ हैं और पहले भी साथ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी सभी दलों को मिलकर इन मुद्दों पर लड़ना होगा। ऐसा नहीं हुआ तो क्षेत्रीय दलों के सामने भी राजनीतिक अस्तित्व का संकट खड़ा हो सकता है।
विपक्ष द्वारा 'वोट चोरी' का मुद्दा बार-बार उठाने पर यह टिप्पणी किए जाने कि किसी बात को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं हो जाती, उदित राज ने कहा कि कांग्रेस कुछ सवाल पूछ रही है और उन सवालों का जवाब नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बंगाल में 38 लाख मतदाताओं के वोट देने से वंचित किए जाने का दावा किया और कहा कि बाद में 92-93 प्रतिशत लोगों को वास्तविक पाया गया। उदित राज ने सवाल किया कि क्या इसे वोट की चोरी नहीं माना जाएगा। यदि आयोग पर लगे आरोपों में तथ्य नहीं हैं तो उनका खंडन किया जाना चाहिए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांग्रेस और सहयोगी दलों पर राजनीतिक हितों के लिए एसआईआर का विरोध करने का आरोप लगाए जाने पर उदित राज ने बिहार की मतदाता सूची का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में अंतिम मतदाता सूची आने के बाद एक करोड़ 32 लाख मतदाताओं के नामों में अशुद्धियां या कमियां थीं। उन्होंने नाम, पता और स्पेलिंग से जुड़ी कथित गलतियों का जिक्र करते हुए कहा कि क्या इन बातों को नकारा जा सकता है।
उन्होंने गोवा के एक मतदाता का भी उल्लेख किया और दावा किया कि संबंधित व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होना चाहता था, लेकिन कई बार चुनाव कार्यालय से संपर्क करने के बावजूद उसका नाम नहीं जुड़ पाया। ऐसे मामलों पर भी संबंधित पक्षों को जवाब देना चाहिए।
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा सड़क निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने की घटना पर उदित राज ने कहा कि केवल प्रवेश वर्मा ही नहीं, बल्कि एक अन्य विधायक गजेंद्र दराल के लोगों से जुड़ी घटना में भी सुनील कुमार के साथ मारपीट हुई। उदित राज ने आरोप लगाया कि सुनील कुमार को लाठी और थप्पड़ से मारा गया और कहा कि अगर वह स्वस्थ व्यक्ति नहीं होते तो उनकी जान भी जा सकती थी।
उन्होंने प्रवेश वर्मा के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए उन पर मुसलमानों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ बयान देने का आरोप लगाया। उदित राज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी गुंडागर्दी, मारपीट, कथित वोट चोरी और भ्रष्टाचार से जुड़े लोगों को संरक्षण देती है।
--आईएएनएस
पीएसके
