Aapka Rajasthan

'चुंबक' में रॉकस्टार बनकर धमाल मचाएंगे रोहित रॉय, कहा- असली पिक्चर बाकी है

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। निर्देशक आतिश कपाड़िया की मल्टी-जेनरेशनल कॉमेडी ड्रामा वेब सीरीज 'चुंबक' के आगामी एपिसोड में अभिनेता रोहित रॉय 'रोनित रॉय चौधरी' के किरदार में नजर आएंगे। सोमवार को अभिनेता ने सीरीज की तारीफ करते हुए अपने किरदार के बारे में बताया।
 

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। निर्देशक आतिश कपाड़िया की मल्टी-जेनरेशनल कॉमेडी ड्रामा वेब सीरीज 'चुंबक' के आगामी एपिसोड में अभिनेता रोहित रॉय 'रोनित रॉय चौधरी' के किरदार में नजर आएंगे। सोमवार को अभिनेता ने सीरीज की तारीफ करते हुए अपने किरदार के बारे में बताया।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर सीरीज से जुड़े कुछ सीन्स की तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें अभिनेता रोहित रॉय एक रॉकस्टार और नीना गुप्ता के प्रेमी के रोल में नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने पोस्ट शेयर कर लिखा, "अभी तो आपने रोनित रॉय चौधरी (रोहित रॉय का किरदार) की सिर्फ झलक देखी है! पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त!! चुंबक के नए एपिसोड में एक अलग तरह का रॉकस्टार आ रहा है। अगर आपने अभी तक पहले 8 एपिसोड नहीं देखे हैं तो देख लीजिए, ताकि आप बाकी के एपिसोड का मजा ले सकें। मेरे लिए नहीं, बल्कि कमाल के आतिश कपाड़िया के लिए, जिन्होंने इस बिल्कुल पागलपन भरी कहानी को लिखा और डायरेक्ट किया है।"

इस सीरीज में रोहित रॉय 'रोनित रॉय चौधरी' नाम का एक दिलचस्प किरदार निभा रहे हैं। कहानी में उनका ट्रैक अभिनेत्री नीना गुप्ता के किरदार (रजनी मर्चेंट) के साथ जुड़ा हुआ है, जो कहानी में ट्विस्ट लेकर आएगा।

नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई वेब सीरीज 'चुंबक' एक कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जो मुंबई के एक पुराने और मिलनसार पड़ोस के माहौल को दिखाती है। सीरीज में दिखाया गया है कि जहां पड़ोसी एक-दूसरे के मामलों में दखल तो देते हैं, लेकिन मुसीबत के समय परिवार की तरह साथ भी खड़े होते हैं। मुख्य कहानी रजनी (नीना गुप्ता) और उनके पति कुकू के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक अजीब स्थिति में तलाक लेने का फैसला करते हैं। इसके अलावा, कॉलोनी के अन्य परिवारों के ड्रामे, हंसी-मजाक और रोजमर्रा की समस्याएं इस कहानी को और दिलचस्प बनाती हैं।

आतिश कपाड़िया द्वारा निर्देशित कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'चुंबक' में देवेन भोजानी, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, मानसी पारेख, संदीपा धर, सुमीत राघवन, अनंत वी. जोशी, अमायरा दस्तूर, डेलनाज ईरानी और अतुल कुमार जैसे कई कलाकार हैं। यह शो 10 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है।

वेब सीरीज 'चुंबक' में कुल 16 एपिसोड हैं, जिन्हें दो भागों में रिलीज किया जा रहा है। पहला भाग 10 सितंबर से स्ट्रीम हो रहा है, जिसमें 8 एपिसोड हैं। वहीं, दूसरा भाग 1 अक्टूबर को रिलीज होने वाला है। इसमें भी 8 एपिसोड हैं।

--आईएएनएस

एनएस/एएस