Aapka Rajasthan

चाइना ओपन : इगा स्वियातेक ने बनाई राउंड ऑफ 16 में जगह, रोमांचक मुकाबले में डोना वेकिक को हराया

बीजिंग, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन इगा स्वियातेक ने सोमवार को यहां चाइना ओपन के राउंड-ऑफ-32 में 30वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डोना वेकिक को हराया। उन्होंने एक सेट और दो ब्रेक से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की।
 

बीजिंग, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन इगा स्वियातेक ने सोमवार को यहां चाइना ओपन के राउंड-ऑफ-32 में 30वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डोना वेकिक को हराया। उन्होंने एक सेट और दो ब्रेक से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की।

इगा स्वियातेक ने शानदार वापसी करते हुए राउंड-ऑफ-16 में जगह बनाई। पोलैंड की स्टार खिलाड़ी पहला सेट 4-6 से हार गई थीं और दूसरे सेट में 2-5 से पीछे चल रही थीं। ऐसा लग रहा था कि वह मैच हार जाएंगी, लेकिन उन्होंने जबरदस्त संघर्ष दिखाया। स्वियातेक ने दूसरे सेट का टाईब्रेकर 7-0 से जीता और फिर निर्णायक सेट में 6-2 से जीत हासिल कर मैच को 4-6, 7-6 (0), 6-2 से अपने नाम कर लिया।

जीत के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए स्वियातेक ने बताया कि उन्हें एक सेट हारने के बाद कैसा महसूस हो रहा था। उन्होंने कहा, "मैं सच में बहुत चिढ़ गई थी। मुझे लगा कि मैं बुरा नहीं खेल रही थी, लेकिन निश्चित रूप से वह काफी नहीं था। मैंने कुछ गलतियां कीं। मुझे गुस्सा आ रहा था। मैं कुछ बदलना चाहती थी। जाहिर है कि वह काम नहीं कर रहा था। दूसरा सेट शुरू में मुश्किल था। बाद में मैंने समझ लिया कि क्या करना है। मैं इसे लेकर बहुत खुश हूं।"

मैच के तीसरे गेम में स्वियातेक अपनी सर्विस गंवा बैठीं और वेकिक की सर्विस तोड़ने का कोई तरीका नहीं ढूंढ पाईं। आठवीं वरीयता प्राप्त पोलिश खिलाड़ी आखिरकार पहला सेट 4-6 से हार गईं। उनकी वापसी की उम्मीदों को तब और झटका लगा जब दूसरे सेट में वे दो बार अपनी सर्विस हार गईं और 2-5 से पिछड़ गईं।

हालांकि, उन्होंने अपना बेहतरीन खेल दिखाया और क्रोएशिया की खिलाड़ी की सर्विस दो बार तोड़कर स्कोर 5-5 कर दिया। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सर्विस बचाए रखी और दूसरा सेट टाई-ब्रेक में चला गया, जिसमें स्वियातेक ने बिना कोई प्वाइंट गंवाए जीत हासिल की। तब तक, मोमेंटम उनके साथ था।

दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे सेट की शुरुआत एक-दूसरे की सर्विस तोड़कर की, लेकिन पोलैंड की खिलाड़ी ने 3-2 पर ब्रेक हासिल किया और उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अपनी सर्विस बरकरार रखी और वेकिक की सर्विस तोड़ी, जिससे उन्होंने तीसरा सेट 6-2 से जीता और 2 घंटे 40 मिनट में शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। अब स्वियातेक का सामना इवा जोविक से होगा। जोविक ने राउंड-ऑफ-32 के मुकाबले में कामिला राखिमोवा को 6-1, 7-5 से हराया है। हालांकि, स्वियातेक को रोकना अमेरिकी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि वह बीजिंग में 2023 की चैंपियन रह चुकी हैं।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम