चीन के ताल्येन में ग्रीष्मकालीन दावोस फोरम संपन्न
बीजिंग, 25 जून (आईएएनएस)। विश्व आर्थिक मंच का 17वां न्यू चैंपियंस वार्षिक सम्मेलन (ग्रीष्मकालीन दावोस फोरम) गुरुवार को अपने सभी एजेंडा सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद खूबसूरत तटीय शहर ताल्येन में संपन्न हो गया।
'नवाचार का विस्तार' विषय पर आयोजित इस वर्ष के ग्रीष्मकालीन दावोस फोरम में दुनिया भर के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 1,800 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में पांच प्रमुख सवालों पर गहन चर्चा की गई। इनमें बदलते भू-आर्थिक और औद्योगिक परिदृश्य में समृद्धि हासिल करने के तरीके, चीनी अर्थव्यवस्था के अगले चरण के विकास पथ को समझना, प्रौद्योगिकी के माध्यम से वास्तविक आर्थिक लाभ पैदा करना, अगली पीढ़ी के लिए रोजगार और अवसर सृजित करना तथा प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए जलवायु और ऊर्जा प्रणालियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना शामिल था।
भू-राजनीतिक परिस्थितियों की जटिलता और वैश्विक आर्थिक विकास से जुड़ी बढ़ती अनिश्चितताओं के बीच इस सम्मेलन ने दुनिया भर से आए प्रतिनिधियों को गहन विचार-विमर्श और नए विचारों के आदान-प्रदान का मंच प्रदान किया। साथ ही, इसने एक स्पष्ट और मजबूत संदेश भी दिया कि नवाचार की क्षमता का पूरा उपयोग कर विकास को नई गति दी जाए और वैश्विक समृद्धि में नई ऊर्जा का संचार किया जाए।
कई प्रतिभागियों ने चीन की नई गुणवत्ता वाली उत्पादक शक्तियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया और उसकी सराहना की। उनका मानना है कि चीन का नवाचार और खुलापन वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच एक सकारात्मक और उज्ज्वल पहलू बनकर उभरा है। साथ ही, चीनी शैली के आधुनिकीकरण से मिलने वाले व्यापक अवसर वैश्विक आर्थिक बहाली को और गति देंगे तथा समावेशी वैश्विक विकास को बढ़ावा देंगे।
समापन समारोह में विश्व आर्थिक मंच के कार्यकारी निदेशक मिरेक डुसेक ने घोषणा की कि विश्व आर्थिक मंच का 18वां न्यू चैंपियंस वार्षिक सम्मेलन वर्ष 2027 में चीन के थ्येनचिन शहर में आयोजित किया जाएगा। थ्येनचिन के उप महापौर ली वेनहाई ने कहा कि अगले वर्ष ग्रीष्मकालीन दावोस फोरम के चीन में प्रवेश की 20वीं वर्षगांठ होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उस अवसर पर दुनिया भर से आने वाले प्रतिनिधियों के साथ वैश्विक आर्थिक विकास के नए रुझानों और भविष्य की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
