Aapka Rajasthan

कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, एक छात्रा की मौत, दो बुरी तरह घायल

बेंगलुरु, 15 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर में स्वतंत्रता दिवस पर एक दुखद हादसा हुआ है, जहां एक प्राइवेट बस की टक्कर बाइक से हो गई। इस हादसे में पीयू (प्री-यूनिवर्सिटी) की प्रथम वर्ष की एक छात्रा की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
 

बेंगलुरु, 15 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर में स्वतंत्रता दिवस पर एक दुखद हादसा हुआ है, जहां एक प्राइवेट बस की टक्कर बाइक से हो गई। इस हादसे में पीयू (प्री-यूनिवर्सिटी) की प्रथम वर्ष की एक छात्रा की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।

यह हादसा चिंतामणि-बेंगलुरु रोड पर कटमाचनाहल्ली गेट के पास हुआ। हादसे में कोलार जिले के श्रीनिवासपुर तालुक के आर गोल्लाहल्ली गांव की रहने वाली दीपिका (16) की मौत हो गई। त्रिपुरा (16) के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसे बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु के एनआईएमएचएएनएस (राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान) में शिफ्ट किया गया। वहीं, स्मिता (16) का पैर टूट गया और उसका इलाज कोलार के एसएनआर अस्पताल में चल रहा है।

तीनों छात्राएं चिंतामणि के एक प्राइवेट कॉलेज में पीयू फर्स्ट ईयर की छात्राएं हैं। कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के बाद वह श्रावण शनिवार के मौके पर टू-व्हीलर से कैवारा मंदिर जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, छात्राएं कटमाचनाहल्ली गेट के पास यूटर्न लेने की कोशिश कर रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक प्राइवेट बस ने उनके टू-व्हीलर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बस के नीचे फंस गई और पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही चिंतामणि रूरल पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच-पड़ताल की। ​​बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच चल रही है।

बता दें कि सड़क हादसे की एक दूसरी खबर शनिवार को झारखंड के लातेहार जिले में सामने आई, जहां एक भीषण सड़क हादसे में करीब सात लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना चंदवा थाना क्षेत्र में लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर लुकुईया घाटी के समीप हुई।

लोहरदगा की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पहले एक मोटरसाइकिल से टकराया। इसके बाद कंटेनर सड़क पर चल रहे यात्रियों से भरे एक सवारी टेंपो के ऊपर पलट गया। कंटेनर के नीचे बाइक और टेंपो के दब जाने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो और बाइक पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। कंटेनर और क्षतिग्रस्त वाहनों के नीचे दबे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी