Aapka Rajasthan

छिंदवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता से मारपीट करने वालों पर कार्रवाई हो: नकुलनाथ

छिंदवाड़ा, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता से भाजपा विधायक के निवास में हुई मारपीट की घटना की निंदा करते हुए पूर्व सांसद नकुलनाथ ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
 

छिंदवाड़ा, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता से भाजपा विधायक के निवास में हुई मारपीट की घटना की निंदा करते हुए पूर्व सांसद नकुलनाथ ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस के पूर्व सांसद नकुलनाथ का कहना है कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता बलराम के साथ अमरवाड़ा भाजपा विधायक कमलेश शाह के कर्मचारी नेमा एवं साथियों द्वारा विधायक निवास पर ले जाकर मारपीट किए जाने की घटना बेहद गंभीर और निंदनीय है। छिंदवाड़ा में इस तरह की घटना ने कई सवाल खड़े किए हैं। साथ ही यह घटना जिले में हो रहे आदिवासी भाइयों पर अत्याचार के साथ पुलिस और प्रशासन पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

पूर्व सांसद नकुलनाथ ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि 72 घंटे के भीतर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। अन्यथा इस मामले को मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश विधानसभा तक उठाया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि सत्ता के अहंकार में बैठे लोग यह बात अच्छी तरह समझ लें कि कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता अकेला नहीं है। पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की लड़ाई में मैं स्वयं और कांग्रेस पार्टी के सभी साथी पूरी मजबूती से उसके साथ खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि हम अन्याय के सामने झुकने वाले नहीं हैं। सत्ता का अहंकार हो या किसी भी तरह की गुंडागर्दी, उसका जवाब जरूर दिया जाएगा। कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। न्याय मिलने तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

दरअसल, अमरवाड़ा से भाजपा के विधायक कमलेश शाह पहले कांग्रेस में थे और उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की सदस्यता ले ली थी और वह वर्तमान में भाजपा के विधायक हैं। भाजपा विधायक के समर्थकों द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ता से की गई मारपीट के बाद पूर्व सांसद नकुलनाथ सक्रिय हैं और वह कार्यकर्ताओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ने की बात कह रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी