Aapka Rajasthan

छत्तीसगढ़ : वेदांता पावर प्लांट हादसे में बढ़ी मृतकों की संख्या, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

सक्ती, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद मृतकों की संख्या बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक कुल 12 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और मुआवजे का ऐलान कर दिया है।
 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार द्वारा मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की सहायता राशि तथा घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके।

उन्होंने कहा कि सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। कमिश्नर बिलासपुर को घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार पूरे मामले पर सतत निगरानी रखे हुए है और प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।

वहीं मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने कहा कि घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 6 लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोर्टिस अस्पताल में, जहां पहले मृतकों की संख्या 6 बताई गई थी, उसमें बढ़ोतरी हुई है और 8 लोगों की जान गई। इस तरह कुल मृतकों की संख्या 12 तक पहुंच गई है।

बताया जा रहा है कि घायल मजदूरों में कई लोग कोलकाता से नौकरी करने आए थे। हादसे के बाद मृतकों और घायलों के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों की मांग है कि वेदांता प्लांट प्रबंधन मृतकों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे और कम से कम 50 लाख रुपए मुआवजा प्रदान करे। फिलहाल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

--आईएएनएस

एएमटी/एमएस