छत्तीसगढ़: सिरपुर में जानलेवा चाकूबाजी, चंद घंटों के भीतर 3 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के थाना तुमगांव के अंतर्गत चौकी सिरपुर में हुई चाकूबाजी एवं जानलेवा हमले की घटना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए अपराध में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, एक शिकायतकर्ता परमानंद ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 6 अक्टूबर की रात्रि में राकेश साहू अपने घर से खाना खाकर जब लौट रहा था, तब अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने उसे रोका और लिफ्ट मांगा। राकेश ने हरि ध्रुव को लिफ्ट देने से मना कर दिया। इसी बात पर हरि ध्रुव, राकेश से गाली-गलौज करने लगा। उसी समय राकेश साहू ने शिकायतकर्ता परमानंद और टिकेश्वर साहू को आवाज देकर बुलाया, जो दोनों को समझा-बुझाकर अपने कार्य स्थल अस्पताल वापस चले गए।
कुछ देर बाद राजेश ठाकुर ने परमानंद को फोन करके बोला कि तुम लोगों का आपसी क्या विवाद हुआ है, हरि ध्रुव से जाकर माफी मांग लो। परमानंद के बार-बार कहने पर कि अस्पताल के पास आ जाओ, बात कर लेते हैं, कहने पर राजेश ठाकुर नहीं माना और परमानंद को लक्ष्मण मंदिर के पास चलने को कहा, जहां परमानंद अपने भाई राकेश साहू और टिकेश्वर साहू के साथ मजबूर होकर गया, तो उसने देखा कि राजेश ठाकुर के साथ सुरेश मेरी और हरि ध्रुव मौजूद थे। पहुंचते ही गाली-गलौज कर मारना शुरू कर दिए।
इसके बाद हरि ध्रुव द्वारा अपने पास रखे धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से शिकायतकर्ता पर हमला कर दिया, गले पर तीन-चार बार वार करने से उसके गले से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ तथा गंभीर चोट पहुंचाई। परमानंद द्वारा जान बचाकर भागने पर तीनों आरोपियों ने उसका पीछा भी किया। इसके बाद परमानंद को राकेश साहू व टिकेश्वर साहू बचाकर चौकी सिरपुर लेकर आए, जिस पर थाना तुमगांव में मामले की जांच और कार्रवाई शुरू की गई।
जांच के दौरान अधिकारी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य संकलित किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों की घेराबंदी कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपियों के बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू को नरेंद्र फर्नीचर दुकान के सामने घास में छिपाकर रखा गया था, जिसे गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया है। आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष ज्यूडिशियल रिमांड पर पेश किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरि ध्रुव (26), राजेश ठाकुर (35) और सुरेश मिरी (26) के रूप में हुई है। सभी साकिनान ग्राम सिरपुर, चौकी सिरपुर, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
