छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की उद्योगपति कमल अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल के ठिकानों पर छापेमारी
रायपुर, 18 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के कई बड़े कारोबारी समूहों के ठिकानों पर छापेमारी की है। आयकर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह से राजधानी रायपुर समेत रायगढ़ और बिलासपुर में एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में रायगढ़ के बड़े उद्योगपति कमल अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल से जुड़े ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रदेश के औद्योगिक और कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें बुधवार सुबह से ही दोनों उद्योगपतियों के आवास, कार्यालयों और औद्योगिक परिसरों में दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। कमल अग्रवाल से जुड़े रायगढ़ इस्पात, सन स्टील और बर्बरीक ग्रुप के ठिकानों पर भी आयकर विभाग के अधिकारी पहुंचे हैं। वहीं, बर्बरीक ग्रुप के संचालक श्रवण अग्रवाल के रायपुर स्थित आवास पर भी आयकर टीम ने दबिश दी है। अधिकारियों द्वारा कारोबारी लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल खातों की बारीकी से जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, आयकर संबंधी अनियमितताओं की शिकायतों के बाद विभाग ने यह व्यापक कार्रवाई की है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक छापेमारी के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि इस पूरी कार्रवाई को बड़े स्तर पर अंजाम दिया जा रहा है। इसके लिए आयकर विभाग ने 100 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की कई टीमें गठित की हैं। ये टीमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों में एक साथ पहुंचकर संबंधित कारोबारी समूहों के ठिकानों पर जांच कर रही हैं। कार्रवाई में भोपाल और रायपुर की आयकर टीमों के भी संयुक्त रूप से शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयकर विभाग की टीमों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को भी तैनात किया गया है। अधिकारियों की मौजूदगी और एक साथ कई ठिकानों पर चल रही जांच के कारण औद्योगिक क्षेत्रों में हलचल तेज हो गई है।
फिलहाल रायपुर, रायगढ़ और बिलासपुर में आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विभाग को किन दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की जानकारी मिली है तथा आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
