Aapka Rajasthan

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। देश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली में भी भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
 

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। देश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली में भी भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

आईएमडी के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली के लिए सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया। इसके अलावा, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी आशंका है।

उन्होंने बताया कि पूर्वी और मध्य भारत के मौसम को प्रभावित करने वाला कम दबाव का क्षेत्र गंगा के मैदानी इलाकों में पश्चिम बंगाल और उससे सटे झारखंड तथा उत्तरी ओडिशा के आसपास बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है।

अखिल श्रीवास्तव ने कहा कि इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि केरल के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले कुछ समय के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मध्य प्रदेश में मौसम को लेकर भोपाल आईएमडी के निदेशक डॉ. अंजित अंजन ने बताया कि भोपाल में बारिश हो रही है और आने वाले तीन से चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि, भोपाल के लिए फिलहाल भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है। कुछ इलाकों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है। अभी अगस्त माह पूरा होने में कुछ दिन बाकी है, हमें उम्मीद है कि अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।

बताते चलें कि सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन, सड़कों पर जलभराव होने से लोगों के पसीने भी छूटे, और घंटों जाम की समस्या से लोग जूझते रहे।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम