छत्तीसगढ़: बीजापुर के जंगल में माओवादी डम्प से 3.84 किलो सोना और 24 लाख रुपए नकद बरामद
बीजापुर, 28 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24.22 लाख रुपए से अधिक की नकद राशि बरामद की गई है। यह कार्रवाई डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को सूचना प्राप्त हुई थी कि इन्द्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादियों ने जमीन के भीतर डम्प छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया।
सर्चिंग के दौरान थाना भैरमगढ़ से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर इन्द्रावती नदी के निकट चिन्हित स्थान पर बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के अंदर दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद हुआ।
डिब्बे की तलाशी लेने पर उसमें सोने के 33 बिस्किट मिले। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला था। कुल 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट से 500 रुपए के नोटों के रूप में 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नकद भी बरामद किए गए।
बरामद सोना और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के चलते बीजापुर जिले में विभिन्न स्थानों से मिले माओवादी डम्पों से अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपए की नकद राशि और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में आगे भी सर्चिंग अभियान जारी रखे हुए हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
