Aapka Rajasthan

छत्तीसगढ़: भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना, बोले-प्रदेश में सब कुछ ठीक नहीं

दुर्ग, 1 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर राज्य सरकार पर हमला बोला है। बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाए जाने के मामले को लेकर बघेल ने कहा कि यह साफ संकेत है कि प्रदेश में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और सरकार पूरी तरीके से फेल हो गई है।
 
छत्तीसगढ़: भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना, बोले-प्रदेश में सब कुछ ठीक नहीं

दुर्ग, 1 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर राज्य सरकार पर हमला बोला है। बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाए जाने के मामले को लेकर बघेल ने कहा कि यह साफ संकेत है कि प्रदेश में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और सरकार पूरी तरीके से फेल हो गई है।

दरअसल, 31 मई को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद थे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं से नाराज रमन सिंह ने कलेक्टर और एसपी को फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री के पद की गरिमा के अनुरूप तैयारियां नहीं की गईं और अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने ऐसी अव्यवस्था पहले कभी नहीं देखी।

भूपेश बघेल ने कहा कि पिछले कुछ समय से लगातार भाजपा सरकार के भीतर और प्रशासनिक स्तर पर टकराव की स्थिति दिखाई दे रही है। कहीं अधिकारी फटकार खा रहे हैं, कहीं जनता नाराज है, तो कहीं किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इन सब घटनाओं का सार बेमेतरा में देखने को मिला, जहां रमन सिंह भले ही अधिकारियों को डांट रहे थे लेकिन उनका इशारा सीधे मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की ओर था।

बघेल ने तंज कसते हुए कहा, "रमन सिंह ने तो साफ संदेश दे दिया कि तुमसे सत्ता संभाले नहीं संभल रही है। प्रदेश में सबसे अनुभवी नेता वही हैं। 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं और आज विधानसभा अध्यक्ष हैं। अगर वही इस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं तो इसका मतलब है कि सब कुछ सही नहीं चल रहा है।"

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश में किसानों की समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी का समय शुरू हो चुका है, लेकिन किसानों को अब तक खाद नहीं मिल पा रही है। डीएपी, यूरिया और पोटाश की कमी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसके अलावा बिजली आपूर्ति भी प्रभावित है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन की समस्या देखने को मिल रही है। कई जगह पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता प्रभावित हुई है। ऐसे में परिवहन व्यवस्था और खेती-किसानी दोनों प्रभावित हो रही हैं। बघेल ने कहा कि स्कूल और कॉलेज भी जल्द खुलने वाले हैं। यदि वाहनों के लिए ईंधन की समस्या बनी रही तो बच्चों के आवागमन पर भी असर पड़ेगा।

वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के उस बयान पर भी बघेल ने कटाक्ष किया, जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रदेश में धान, खाद और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है और सरकार पूरी तरह स्थिति पर नजर रखे हुए है। इस पर बघेल ने व्यंग्य करते हुए कहा, "बिल्कुल सही बात है, किसी चीज की कमी नहीं है, बस लोगों को मिल नहीं रही है।"

इसके अलावा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सीबीएसई की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर उठाए गए सवालों का समर्थन करते हुए बघेल ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और सरकार एक परीक्षा तक सही तरीके से नहीं करा पा रही है।

हिमाचल प्रदेश में हुए सड़क हादसे को लेकर भी भूपेश बघेल ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में चंद्राकर परिवार को बड़ी क्षति हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और वहां के अन्य मंत्रियों से संपर्क किया। बघेल ने बताया कि दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम क्षेत्र में था, जहां पहुंचना आसान नहीं था। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने काफी प्रयासों के बाद शवों को बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई पूरी की।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी