छात्रों को भड़काने की कोशिश कर रहे राहुल गांधी: गिरिराज सिंह
बेगूसराय, 17 जून (आईएएनएस)। बिहार में ‘12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने शहर के एलिवेटेड फ्लाईओवर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस निकाला और सरकार की उपलब्धियों का जश्न मनाया।
कार्यक्रम के दौरान गिरिराज सिंह ने विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हुई है और वे अक्सर ऐसे बयान देते हैं, जिनसे समाज में भ्रम और अशांति फैल सकती है। राहुल गांधी छात्रों के बीच जाकर उन्हें भड़काने की कोशिश करते हैं, जो उचित नहीं है और युवाओं को पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने राजस्थान में छात्रों के साथ राहुल गांधी की बातचीत का भी उल्लेख किया और कहा कि इस तरह की गतिविधियां देश में तनाव का माहौल पैदा कर सकती हैं। राहुल गांधी के बयानों का असर जनता पर नहीं पड़ता, क्योंकि देश के युवा पहले ही अपना रुख तय कर चुके हैं।
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राहुल गांधी दोनों की राजनीतिक विश्वसनीयता कमजोर हुई है और जनता अब उनके बयानों को गंभीरता से नहीं लेती।
गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश के युवा प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों और नीतियों से प्रभावित हैं। युवा वर्ग का झुकाव वर्तमान सरकार की ओर अधिक है और विपक्षी नेताओं के बयानों का उन पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ता।
कार्यक्रम के दौरान ‘12 साल बेमिसाल’ अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। जुलूस के दौरान समर्थकों ने सरकार की नीतियों और विकास कार्यों के समर्थन में नारे लगाए। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को जनता तक पहुंचाने और उपलब्धियों को रेखांकित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
--आईएएनएस
एसएके/डीकेपी
