छात्रों के आंदोलन के दबाव में केंद्र सरकार को पीछे हटना पड़ा : उदयवीर सिंह
लखनऊ, 12 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों को अब तक गंभीरता से नहीं ले रही है। वहीं उन्होंने एयर इंडिया के पायलट के डोप टेस्ट में फेल होने की घटना को माफ न किए जाने वाला अपराध बताया।
उदयवीर सिंह ने आईएएनएस से कहा, "भारतीय जनता पार्टी घमंड में थी, उसे लगता था, 'ये बच्चे क्या करेंगे? इनकी क्यों सुनें? ये हमारा क्या बिगाड़ लेंगे?' उस आंदोलन की ताकत के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा। हालांकि अभी भी वे उनकी मांगों और चिंताओं को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। इसलिए वे माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे बहुत चिंतित हैं।"
बता दें कि झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी छात्रों द्वारा जारी आंदोलन 19वें दिन में प्रवेश कर चुका है। झारखंड में हो रहे प्रोटेस्ट को लेकर एनडीए के नेताओं का आरोप है कि वहां इंडिया ब्लॉक समर्थित सरकार होने के नाते कांग्रेस के दिग्गज नेता वहां नहीं पहुंच रहे हैं।
एयर इंडिया के पायलट के गांजा टेस्ट में पॉजिटिव आने पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "यह बहुत बुरी बात है। यह आम जनता की जान के साथ खिलवाड़ है। यह एक अक्षम्य अपराध है। जो लोग इस तरह से लोगों की जान को खतरे में डालते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि फ्लाइट का स्टाफ सही स्थिति में है या नहीं।"
बता दें कि फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान के पायलट-इन-कमांड का कन्फर्मेटरी लैबोरेटरी ड्रग टेस्ट मारिजुआना के लिए फेल हो गया था। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि एविएशन विभाग को फ्लाइट स्टाफ के स्वास्थ्य और मानसिक स्तर की नियमित जांच करानी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
