Aapka Rajasthan

छठ पूजा के दौरान मुंबई के जुहू में मोबाइल लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 11 वारदातों में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार

मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। छठ पूजा के दौरान मुंबई के जुहू चौपाटी और आसपास के इलाकों में चाकू दिखाकर लोगों के मोबाइल फोन लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि उनका एक साथी फरार है।
 

मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। छठ पूजा के दौरान मुंबई के जुहू चौपाटी और आसपास के इलाकों में चाकू दिखाकर लोगों के मोबाइल फोन लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि उनका एक साथी फरार है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह छठ पूजा में शामिल होने और घूमने के लिए घर से निकले आम नागरिकों को निशाना बनाता था। आरोपियों ने चाकू दिखाकर लोगों को डराया और उनके मोबाइल फोन लूट लिए। अब तक इस गिरोह के 11 से अधिक वारदातों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, घटना की शुरुआत रविवार रात 10 बजे हुई। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनका मोबाइल फोन जबरन छीन लिया।

मोबाइल लूटे जाने के बाद प्रतीक ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने साहस दिखाते हुए तीन आरोपियों में से दो को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान धीरज कुमार अजित कामटी (19) और मोहम्मद अली शेख (21) के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उसी रात प्रतीक लहुंडे के अलावा मोहम्मद अमीर शेख, संदीप कुमार सिंह, हासिम खान समेत कुल 11 लोगों को चाकू की नोक पर निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन लूटे थे।

इसके अलावा, आरोपियों ने एक अन्य वारदात में क्रोमा शोरूम के सामने सेल्समैन मोनू नंदू कनोजिया को भी इसी तरीके से लूटा था। लगातार हो रही इन वारदातों से इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल था।

पीड़ितों की शिकायत के आधार पर सांताक्रूज पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस अब गिरोह की अन्य आपराधिक गतिविधियों और लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर भी जांच कर रही है। सतर्क नागरिकों और पुलिस की तत्परता से इस गिरोह के दो सदस्यों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम